दुनिया की दिग्गज चिप निर्माता कंपनी Nvidia के CEO जेनसन हुआंग इन दिनों अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में हैं। कंपनी के नेतृत्व को लेकर उठ रहे सवालों के बीच अब निगाहें Nvidia के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स पर टिक गई हैं। बोर्ड के सदस्यों में एक नाम भारतीय मूल की बिजनेस एग्जीक्यूटिव आरती शाह का भी है। वह साल 2020 से Nvidia के बोर्ड में शामिल हैं। कंपनी में जेनसन हुआंग CEO बने रहेंगे या उनकी जगह किसी दूसरे व्यक्ति को जिम्मेदारी दी जाएगी, इस फैसले में आरती शाह की भी अहम भूमिका हो सकती है।
कौन हैं आरती शाह? Nvidia के CEO जेनसन हुआंग का भविष्य तय करने में होगी अहम भूमिका/Photo- Nvidia
जेनसन हुआंग को लेकर क्यों उठ रहे सवाल?
द न्यूयॉर्क टाइम्स की एक रिपोर्ट में जेनसन हुआंग के दो कथित विवाहेतर संबंधों का दावा किया गया है। इनमें से एक संबंध Nvidia की एग्जीक्यूटिव किम्बर्ली पॉवेल से जुड़ा बताया गया है, जो 2008 से कंपनी के साथ हैं और इसके हेल्थकेयर बिजनेस का नेतृत्व करती हैं। दूसरी महिला के चीन की खुफिया एजेंसी से कथित संबंधों की भी अमेरिकी अधिकारी जांच कर रहे हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, हुआंग ने अपनी पत्नी के प्रति बेवफाई स्वीकार की और परिवार तथा कर्मचारियों से माफी मांगी है। रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, Nvidia का बोर्ड उनके भविष्य पर चर्चा करने की तैयारी कर रहा है। कंपनी अंतरिम CEO नियुक्त करने और स्थायी उत्तराधिकारी तलाशने के विकल्प पर भी विचार कर सकती है।
कौन हैं आरती शाह?
आरती शाह ने भारत में सांख्यिकी और गणित की पढ़ाई की। इसके बाद वह आगे की शिक्षा के लिए अमेरिका चली गईं। उन्होंने यूनिवर्सिटी ऑफ कैलिफोर्निया, रिवरसाइड से एप्लाइड स्टैटिस्टिक्स में पीएचडी की डिग्री हासिल की। उनका प्रोफेशनल करियर दवा कंपनी Eli Lilly से जुड़ा रहा है। उन्होंने इस कंपनी में करीब 27 साल काम किया। इस दौरान उन्होंने रिसर्च, स्टैटिस्टिक्स, टेक्नोलॉजी और बिजनेस मैनेजमेंट से जुड़े कई अहम पद संभाले। वह सीनियर स्टैटिस्टिशियन, रिसर्च साइंटिस्ट और वाइस प्रेसिडेंट फॉर बायोमेट्रिक्स जैसे पदों पर रहीं।
कई बड़ी कंपनियों के बोर्ड में है जगह
Eli Lilly में उनका आखिरी पद सीनियर वाइस प्रेसिडेंट और चीफ इंफॉर्मेशन एंड डिजिटल ऑफिसर का था। 2021 में कंपनी छोड़ने के बाद भी उनका कारोबारी अनुभव कई बड़ी संस्थाओं के काम आ रहा है। आरती शाह 2020 से Nvidia के बोर्ड में हैं। 2023 में वह स्विट्जरलैंड की फार्मा कंपनी Sandoz Group AG के बोर्ड से भी जुड़ीं। इसके अलावा वह फाइनेंशियल सर्विस कंपनी Northwestern Mutual की ट्रस्टी हैं। वह सेंट जूड चिल्ड्रन्स रिसर्च हॉस्पिटल और ALSAC जैसी संस्थाओं के बोर्ड में भी काम कर रही हैं।
Nvidia के लिए आसान नहीं होगा नया CEO चुनना
Nvidia के सामने सबसे बड़ी चुनौती जेनसन हुआंग का विकल्प तलाशना होगी। उन्होंने तीन दशक से ज्यादा पहले इस कंपनी की सह-स्थापना की थी। उनके नेतृत्व में Nvidia गेमिंग ग्राफिक्स चिप बनाने वाली कंपनी से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की दुनिया की सबसे बड़ी कंपनियों में शामिल हो गई। कंपनी का बाजार मूल्य करीब 4.5 लाख करोड़ डॉलर बताया गया है।
हुआंग सिर्फ कंपनी के CEO नहीं हैं, बल्कि टेक्नोलॉजी, निवेश, इंजीनियरिंग और सप्लाई चेन से जुड़े बड़े फैसलों में भी उनकी अहम भूमिका रही है। ऐसे में नए CEO के लिए इन सभी जिम्मेदारियों को संभालना आसान नहीं होगा। आरती शाह समेत बोर्ड के अन्य सदस्यों को कंपनी के भविष्य और नेतृत्व को लेकर बेहद अहम फैसला लेना पड़ सकता है।
