WhatsApp अपने iPhone यूजर्स को नया एक्सपीरियंस देने वाला है। इसके लिए कंपनी ऐप का नया और आकर्षक डिजाइन लाने की तैयारी कर रही है। अपकमिंग अपडेट के बाद चैट विंडो पहले से ज्यादा मॉडर्न और साफ-सुथरी नजर आएगी। सबसे बड़ा बदलाव मैसेज बबल के डिजाइन में देखने को मिलेगा, जो अब पहले से ज्यादा गोल और सॉफ्ट लुक के साथ दिखाई देंगे। इसके अलावा, चैट में शेयर की गई फोटो, वीडियो और GIF भी बिना किसी बॉर्डर के नजर आएंगी।
वॉट्सऐप में यूजर्स को जल्द ही मिलेगा नया डिजाइन।(फोटो क्रेडिट-Digit)
रिपोर्ट्स के मुताबिक, WhatsApp के iOS बीटा वर्जन 26.18.10.71 में इस नए डिजाइन की झलक मिली है। नए इंटरफेस में मैसेज बबल के किनारे पहले की तुलना में ज्यादा गोल होंगे, जिससे चैट स्क्रीन का लुक और भी प्रीमियम महसूस होगा। इससे ऐप का इस्तेमाल करना भी पहले से ज्यादा आरामदायक लग सकता है।
पहले और नए डिजाइन में क्या है अंतर?
सामने आए स्क्रीनशॉट में पुराने और नए चैट डिजाइन की तुलना की गई है। पुराने डिजाइन में मैसेज बबल के किनारे हल्के गोल थे, जबकि नए डिजाइन में उन्हें और ज्यादा राउंड बनाया गया है। यह बदलाव देखने में काफी साफ नजर आता है और चैट विंडो को नया लुक देता है।
फोटो और वीडियो भी दिखेंगे नए अंदाज में
इस अपडेट के बाद चैट में भेजी गई फोटो, वीडियो और GIF के चारों ओर दिखाई देने वाला बॉर्डर हटा दिया जाएगा। नया डिजाइन इन मीडिया फाइलों को ज्यादा साफ और आकर्षक तरीके से दिखाएगा, जिससे चैट का पूरा अनुभव बेहतर लगेगा।
फिलहाल बीटा यूजर्स के लिए उपलब्ध
जानकारी के अनुसार, WhatsApp ने इस नए डिजाइन को फिलहाल कुछ iPhone बीटा यूजर्स के लिए जारी किया है। अभी इसकी टेस्टिंग चल रही है। अगर सब कुछ सही रहा, तो आने वाले समय में यह नया डिजाइन सभी iPhone यूजर्स के लिए स्टेबल अपडेट के जरिए उपलब्ध कराया जा सकता है।
