WhatsApp New Feature For iOS: मेटा के स्वामित्व वाले व्हाट्सएप ने आईफोन यूजर्स के लिए एक नए फीचर को रोलआउट कर दिया है। इस फीचर की मदद से आईओएस यूजर्स खुद का स्टिकर बना सकते हैं, एडिट कर सकते हैं और शेयर भी कर सकते हैं। नए फीचर को जारी करते हुए व्हाट्सएप ने कहा कि अब आप अपनी तस्वीरों को स्टिकर में बदल सकते हैं या मौजूदा स्टिकर को एडिट कर सकते हैं। अब इसे आईओएस पर शुरू किया जा रहा है।
WhatsApp New Feature
इंस्टाग्राम पर हुई नए फीचर की घोषणा
व्हाट्सएप ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से नए फीचर की घोषणा की है। अपनी इंस्टाग्राम पोस्ट पर व्हाट्सएप ने लिखा, "अब आप अपनी तस्वीरों को स्टिकर में बदल सकते हैं या मौजूदा स्टिकर को एडिट कर सकते हैं। अब इसे आईओएस पर शुरू किया जा रहा है।"
व्हाट्सएप के एडिटिंग टूल के साथ, आप स्टिकर को टेक्स्ट, ड्राइंग और अन्य स्टिकर को कवर करने की क्षमता के साथ कस्टमाइज कर सकते हैं। जब आप कोई कस्टम स्टिकर भेजते हैं, तो यह ऑटोमेटिक रूप से आपके स्टिकर ट्रे में सेव हो जाता है ताकि आप जब चाहें इसका फिर से उपयोग कर सकें।
फोटो को ऐसे बनाए स्टिकर
- किसी फोटो से स्टिकर बनाने के लिए, सबसे पहले टेक्स्ट बॉक्स के दाईं ओर स्टिकर पर क्लिक करके अपने स्टिकर ट्रे में जाए।
- वहां से "स्टिकर बनाएं" विकल्प पर क्लिक करें और अपनी गैलरी से एक फोटो चुनें।
- फिर आप एक कटआउट का चयन करके और उसमें टेक्स्ट, अन्य स्टिकर या फोटो जोड़कर अपने स्टिकर को पर्सनलाइज्ड कर सकते हैं।
- स्टिकर बन जाने के बाद आप अपने दोस्तों को स्टिकर सेंड कर सकते हैं।
मेटा वेरिफाइड
बता दें कि व्हाट्सएप कथित तौर पर एक नया 'मेटा वेरिफाइड' मेंबरशिप ऑप्शन पर काम कर रहा है, जो व्यवसायों को वेरिफाइड बैज प्राप्त करने के लिए इसकी मेंबरशिप लेने की अनुमति देगा। यह मेंबरशिप व्हाट्सएप प्रीमियम की पिछली मेंबरशिप की जगह लेगी, जिसमें एक कस्टम बिजनेस लिंक और 10 डिवाइस तक लिंक करने की क्षमता शामिल थी।
