Innovate to Transform: केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने इंडिया मोबाइल कांग्रेस (IMC) 2025 के 9वें एडिशन की थीम ‘Innovate to Transform’ का अनावरण किया। यह मेगा टेक इवेंट 8 से 11 अक्टूबर 2025 तक यशोभूमि कन्वेंशन सेंटर, नई दिल्ली में आयोजित होगा।
इस साल क्या होगा खास?
इस बार IMC का फोकस है ऐसे इनोवेशन पर, जो असली फर्क ला सकें- चाहे वो उद्योग हो, समाज हो, या पर्यावरण। मकसद है नए आइडियाज के साथ आगे बढ़ना और मिलकर ऐसे हल तैयार करना जो देश को डिजिटल सुपरपावर बनाने में मदद करें। एशिया का सबसे बड़ा डिजिटल टेक्नोलॉजी फोरम IMC, इस बार 100 से ज्यादा कॉन्फ्रेंस सेशंस में 800 से अधिक वक्ताओं को शामिल करेगा, जो तकनीक के भविष्य पर गहन संवाद को बढ़ावा देगा। इस आयोजन का संयुक्त रूप से आयोजन दूरसंचार विभाग (DoT) और सेल्युलर ऑपरेटर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (COAI) द्वारा किया जा जाएगा।
इस बार IMC 2025 में उम्मीद
- 1.5 लाख से अधिक विजिटर 150+ देशों से शामिल होंगे
- 400 से अधिक एग्जीबिटर और पार्टनर भाग लेंगे
- 7,000 से ज्यादा वैश्विक प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे
सिंधिया ने कहा, "भारत ने टेलीकॉम क्रांति में हमेशा भविष्य को आकार दिया है, इंतजार नहीं किया। आज हम दुनिया के टॉप छह देशों में शामिल हैं जो 6G पेटेंट दाखिल कर रहे हैं। ‘Design, Solve and Scale’ भारत की तकनीकी क्रांति का रसायनिक सूत्र है।"
डिजिटल भारत को मिल रही नई उड़ान
DoT सचिव डॉ. नीरज मित्तल ने कहा, "हम 4G में पिछड़े थे, 5G में साथ थे और 6G में आगे होंगे। यही है विकासशील से विकसित भारत का सफर।" वहीं, COAI चेयरमैन अभिजीत किशोर ने कहा कि IMC अब सिर्फ टेलीकॉम नहीं बल्कि समग्र तकनीकी विकास का मंच बन गया है।
संचार मित्र योजना लॉन्च
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने संचार मित्र योजना भी शुरू की, जिसका उद्देश्य डिजिटल राजदूत के रूप में कार्य करने के लिए एक व्यापक युवा नेटवर्क को सशक्त बनाना है, जिससे टेलीकम्युनिकेशन इकोसिस्टम और नागरिकों के बीच संबंध और मजबूत होंगे। IMC 2025 में 5G, 6G, AI, IoT, ग्रीन टेक और इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग के 1,000 से अधिक एडवांस उपयोग मामलों को प्रदर्शित किया जाएगा, जो भारत को एक वैश्विक डिजिटल महाशक्ति के रूप में स्थापित करेगा।
