Laptop Shortcuts keyboard Tricks: आज के डिजिटल दौर में लैपटॉप और कंप्यूटर हमारे डेली रूटीन लाइफ का एक अहम हिस्सा बन चुके हैं। चाहे ऑफिस का काम हो, पढ़ाई हो या कोई पर्सनल प्रोजेक्ट, हम घंटों स्क्रीन के सामने बिताते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि कंप्यूटर पर काम करते समय बार-बार माउस का इस्तेमाल करने से न सिर्फ आपका समय बर्बाद होता है, बल्कि काम की स्पीड भी धीमी हो जाती है।
आप शॉर्टकट सीखकर अपने काम की रफ्तार को बढ़ा सकते हैं। (फोटो क्रेडिट-iStock)
अगर आप भी अपने काम को स्मार्ट और सुपरफास्ट बनाना चाहते हैं, तो हम आपको बताने जा रहे हैं विंडोज के 5 ऐसे धांसू कीबोर्ड शॉर्टकट्स जो आपके काम करने का अंदाज पूरी तरह बदल देंगे। ये शॉर्टकट्स आपके डेली रूटीन वर्क में हर समय काम आएंगे।
Clipboard History (Win + V) — बार-बार कॉपी-पेस्ट के झंझट से राहत
आमतौर पर हम किसी टेक्स्ट को कॉपी करने के लिए Ctrl + C और पेस्ट करने के लिए Ctrl + V का इस्तेमाल करते हैं। लेकिन इसमें दिक्कत यह है कि आप एक बार में सिर्फ एक ही चीज कॉपी कर सकते हैं। जैसे ही आप दूसरी चीज कॉपी करते हैं, पुरानी वाली गायब हो जाती है। ऐसे में Windows Key + V आपके काफी काम आने वाला है।
इस शॉर्टकट की को दबाते ही आपकी स्क्रीन पर क्लिपबोर्ड हिस्ट्री खुल जाएगी। आपने पिछले कुछ घंटों में जो कुछ भी कॉपी किया है चाहे वो कोई टेक्स्ट हो या इमेज, उसकी पूरी लिस्ट यहा दिख जाएगी। आप सिंगल क्लिक में किसी भी पुरानी कॉपी की गई चीज को दोबारा पेस्ट कर सकते हैं।
Desktop Shortcut (Win + D) — एक झटके में सब कुछ 'मिनिमाइज'
काम करते-करते अचानक कई बार ऐसा होता है कि स्क्रीन पर बहुत सारे टैब्स और ऐप्स खुल जाते हैं, जिससे स्क्रीन पूरी तरह भर जाती है। या फिर अचानक आपको अपने डेस्कटॉप पर रखी किसी फाइल को देखना होता है। ऐसे में एक-एक करके सभी विंडोज को मिनिमाइज करना काफी थकाऊ होता है। ऐसे समय पर आप Win + D शॉर्टकट का इस्तेमाल कर सकते हैं।
इसे दबाते ही आपकी स्क्रीन पर खुले हुए सभी ऐप्स और ब्राउजर्स एक सेकंड में मिनिमाइज हो जाएंगे और आप सीधे डेस्कटॉप पर पहुंच जाएंगे। दोबारा यही शॉर्टकट दबाने पर आपके सारे ऐप्स वैसे ही वापस खुल जाएंगे।
Advanced Snipping Tool (Win + Shift + S) — स्क्रीनशॉट लेने का सबसे स्मार्ट तरीका
पूरे स्क्रीन का स्क्रीनशॉट लेकर उसे पेंट में क्रॉप करने का ज़माना अब पुराना हो चुका है। अगर आपको स्क्रीन के किसी खास हिस्से का स्क्रीनशॉट लेना हो, तो विंडोज का इन-बिल्ट स्निपिंग टूल सबसे बेस्ट है। इसके लिए आप Windows Key + Shift + S शॉर्ट कट का इस्तेमाल कर सकते हैं।
इसे दबाते ही आपकी स्क्रीन थोड़ी धुंधली (Dim) हो जाएगी और माउस पॉइंटर एक प्लस (+) के निशान में बदल जाएगा। अब आप स्क्रीन के जितने हिस्से को चाहें, माउस से ड्रैग करके सिलेक्ट कर सकते हैं। यह स्क्रीनशॉट तुरंत आपके क्लिपबोर्ड पर सेव हो जाता है, जिसे आप कहीं भी डायरेक्ट पेस्ट (Ctrl + V) कर सकते हैं।
Reopen Closed Tab (Ctrl + Shift + T) — गलती से बंद हुए टैब को वापस लाएं
इंटरनेट ब्राउजर (जैसे Chrome या Edge) पर काम करते समय कई बार गलती से वो जरूरी टैब बंद हो जाता है जिस पर हम काम कर रहे होते हैं। फिर से हिस्ट्री में जाकर उस वेबसाइट को खोजना काफी इरिटेटिंग होता है। बंद हुए सभी टैब को एक साथ दोबारा ओपन करने लिए आप Ctrl + Shift + T का इस्तेमाल कर सकते हैं।
Multi-tasking Split Screen (Win + Left/Right Arrow) — एक साथ दो ऐप्स पर काम करें
कई बार हमें एक स्क्रीन पर देखकर दूसरी स्क्रीन पर टाइप करना होता है—जैसे एक्सेल शीट देखकर वर्ड पर रिपोर्ट बनाना। ऐसे में बार-बार विंडो बदलने से काम में रुकावट आती है। ऐसे में आप Windows Key + Left Arrow या Right Arrow का इस्तेमाल कर सकते हैं।
जिस ऐप पर आप काम कर रहे हैं, उसे ओपन रखकर इस शॉर्टकट को दबाएं। आपकी वर्तमान विंडो तुरंत स्क्रीन के आधे हिस्से (बाएं या दाएं) में फिट हो जाएगी। इसके बाद आप दूसरी विंडो को बचे हुए आधे हिस्से में सेट कर सकते हैं। इस तरह आप एक ही स्क्रीन पर दो ऐप्स को बराबर-बराबर खोलकर आसानी से मल्टीटास्किंग कर सकते हैं।
