भारत में Telegram यूजर्स के लिए राहत की खबर है। NEET-UG री-एग्जाम से जुड़े अस्थायी प्रतिबंध के बाद मैसेजिंग ऐप Telegram की सेवाएं धीरे-धीरे सामान्य होने लगी हैं। अब यह ऐप एक बार फिर Google Play Store और Apple App Store पर डाउनलोड के लिए उपलब्ध हो गया है। कई यूजर्स ने सोशल मीडिया पर बताया कि Telegram पर मैसेज भेजने और चैट एक्सेस करने की सुविधा भी सामान्य रूप से काम करने लगी है, हालांकि कुछ यूजर्स को अभी भी मैसेज भेजने या चैट खोलने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
भारत में Telegram की वापसी, Play Store और App Store पर आ गया ऐप
Telegram अभी भी काम नहीं कर रहा तो करें ये काम
अगर Telegram इस्तेमाल करने में दिक्कत आ रही है तो यूजर्स को सबसे पहले ऐप को लेटेस्ट वर्जन पर अपडेट करना चाहिए। अपडेट करने के बाद एप को पूरी तरह बंद करके दोबारा खोलने से समस्या दूर हो सकती है।
एंड्रॉयड यूजर्स
- Google Play Store खोलें और Telegram का अपडेट चेक करें।
- नया अपडेट उपलब्ध होने पर उसे इंस्टॉल करें।
- फोन की Settings में जाकर Apps ऑप्शन खोलें।
- Telegram पर जाकर Force Stop करें।
- इसके बाद ऐप दोबारा खोलें और कुछ समय इंतजार करें ताकि यह सर्वर से दोबारा कनेक्ट हो सके।
iPhone यूजर्स ऐसे करें ठीक
iPhone यूजर्स को Apple App Store में जाकर Telegram का अपडेट चेक करना चाहिए। अगर अपडेट उपलब्ध है तो उसे इंस्टॉल करें। इसके बाद App Switcher खोलकर Telegram को पूरी तरह बंद करें और दोबारा एप शुरू करें। इससे एप Telegram के सर्वर से नया कनेक्शन बना सकता है और मैसेजिंग सुविधा दोबारा शुरू हो सकती है।
Telegram पर क्यों लगी थी रोक?
Telegram पर यह अस्थायी प्रतिबंध NEET-UG री-एग्जाम अवधि के दौरान लगाया गया था। अधिकारियों को चिंता थी कि परीक्षा से जुड़ी संवेदनशील सामग्री या कथित पेपर लीक से संबंधित जानकारी प्लेटफॉर्म के जरिए साझा की जा सकती है। इसके बाद इंटरनेट सर्विस प्रोवाइडर्स को Telegram की पहुंच सीमित करने के निर्देश दिए गए थे। प्रतिबंध के दौरान कई यूजर्स एप डाउनलोड या दोबारा इंस्टॉल नहीं कर पा रहे थे।
मैसेज एडिट फीचर पर अभी जारी रह सकती है रोक
Telegram की सामान्य मैसेजिंग सेवाएं बहाल हो रही हैं, लेकिन पहले जारी निर्देशों के अनुसार मैसेज एडिट करने वाला फीचर 30 जून तक उपलब्ध नहीं रहने की संभावना है। Telegram का वेबसाइट एक्सेस भी कई यूजर्स के लिए दोबारा उपलब्ध हो गया है, हालांकि कुछ जगहों पर सेवाएं पूरी तरह सामान्य होने में थोड़ा समय लग सकता है।
