भारत में डिजिटल पेमेंट का सबसे भरोसेमंद माध्यम UPI आज हर किसी की जेब में है, लेकिन अब पेमेंट करने के लिए न तो स्मार्टफोन की जरूरत होगी, न ही इंटरनेट की। गुरुग्राम की कंपनी Proxgy, जो एक इंटरनेट ऑफ थिंग्स (IoT) डीपटेक स्टार्टअप है, ने लॉन्च किया है ThumbPay, एक अनोखा बायोमेट्रिक पेमेंट डिवाइस, जो आपके अंगूठे को ही वॉलेट में बदल देगा।
ThumbPay/Photo- Timesnowhindi
ThumbPay के जरिए सिर्फ अंगूठे से UPI पेमेंट किया जा सकता है। कंपनी के मुताबिक, पायलट प्रोजेक्ट सफल रहा है और अब यह UIDAI व NPCI से कॉम्प्लायंस अप्रूवल की प्रक्रिया में है। अप्रूवल मिलने के बाद ThumbPay को बैंकों और फिनटेक कंपनियों के जरिए इसे लॉन्च किया जाएगा।
कैसे करता है काम?
ThumbPay का इस्तेमाल बेहद आसान है। बस ग्राहक को इस डिवाइस पर अपना अंगूठा रखना होगा। जैसे ही आधार से पहचान और ऑथेंटिकेशन AEPS (Aadhaar Enabled Payment System) के जरिए हो जाएगा, UPI तुरंत बैंक अकाउंट से पैसा डेबिट कर देगा।
इस तरह ThumbPay ने भारत के दो सबसे शक्तिशाली डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर आधार और UPI को एक साथ जोड़ दिया है। न QR कोड, न स्मार्टफोन, न कैश; सिर्फ एक अंगूठा और कुछ सेकंड में पेमेंट पूरा। यह डिवाइस पेमेंट के बारे में भी बताएगी कि आपने कितना पेमेंट किया है।
