आज के दौर में जब ChatGPT, Claude और Gemini जैसे AI टूल कुछ ही सेकंड में लेख, कहानी, स्क्रिप्ट और आइडिया तैयार कर देते हैं, तब एक बड़ा सवाल सामने खड़ा होता है, क्या AI हमारी रचनात्मकता को बेहतर बना रहा है या धीरे-धीरे उसे कमजोर कर रहा है? AI ने काम को तेज और आसान जरूर बना दिया है, लेकिन एक्सपर्ट का मानना है कि अगर हम हर विचार के लिए मशीनों पर निर्भर हो जाएंगे, तो हमारी मौलिक सोच पर इसका गहरा असर पड़ सकता है।
खाली पन्ने से डर और AI पर बढ़ती निर्भरता
अक्सर ऐसा होता है कि कोई व्यक्ति कुछ नया लिखने या बनाने बैठता है, लेकिन लंबे समय तक कोई विचार नहीं आता। ऐसे में लोग तुरंत ChatGPT या दूसरे AI टूल्स का सहारा लेने लगते हैं। AI कुछ ही पलों में विचारों को आकर्षक भाषा में बदल देता है और काम पूरा हो जाता है, लेकिन सवाल यह है कि अगर हर बार संघर्ष की जगह AI समाधान देगा, तो क्या इंसान अपनी खुद की रचनात्मक क्षमता खोने लगेगा?
रिसर्च में क्या सामने आया?
एक अध्ययन में प्रतिभागियों को सामान्य वस्तुओं, जैसे कागज़ के बैग, ईंट और पंखे का उपयोग करके नया खिलौना डिजाइन करने के लिए कहा गया। कुछ लोगों ने बिना किसी तकनीकी मदद के काम किया, जबकि कुछ ने ChatGPT का इस्तेमाल किया।
शुरुआती नतीजों में AI की मदद से बने आइडिया अधिक उपयोगी और व्यवस्थित पाए गए, लेकिन बाद में व्हार्टन (Wharton) के शोधकर्ताओं ने इन्हीं आंकड़ों का दोबारा विश्लेषण किया। उन्होंने पाया कि AI की मदद से तैयार किए गए विचारों में विविधता काफी कम थी।
रिसर्च में क्या सामने आया?
रिपोर्ट के मुताबिक, बिना AI के तैयार किए गए 100% आइडिया पूरी तरह अलग और अनोखे थे, जबकि ChatGPT की मदद से तैयार किए गए केवल 41.2% आइडिया ही अलग निकले। वहीं, पूरी तरह AI द्वारा बनाए गए आउटपुट में केवल 6% आइडिया ही यूनिक थे। इतना ही नहीं, ChatGPT इस्तेमाल करने वाले नौ अलग-अलग प्रतिभागियों ने अपने खिलौने का एक ही नाम- "Build-a-Breeze Castle" रखा।
AI गुणवत्ता बढ़ाता है, लेकिन सोच का दायरा घटा सकता है
शोध से यह संकेत मिला कि AI किसी एक व्यक्ति के विचार को बेहतर ढंग से प्रस्तुत कर सकता है, लेकिन सभी लोगों के विचारों को एक जैसी दिशा में ले जाता है यानी व्यक्तिगत गुणवत्ता बढ़ती है, लेकिन मौलिकता और विविधता कम हो सकती है। यही कारण है कि विशेषज्ञ AI पर पूरी तरह निर्भर होने के बजाय अपनी सोच विकसित करने की सलाह देते हैं।
बचपन से ही सीमित हो जाती है रचनात्मक सोच
दिल्ली विश्वविद्यालय के रामजस कॉलेज में अंग्रेजी के एसोसिएट प्रोफेसर देबराज मुखर्जी का मानना है कि रचनात्मकता पर सबसे पहला असर बचपन की शिक्षा से पड़ता है। उनके अनुसार, ड्रॉइंग क्लास में बच्चों को सिखाया जाता है कि रंग लाइन के बाहर नहीं जाना चाहिए। यही सोच धीरे-धीरे उन्हें तय सीमाओं के भीतर रहने की आदत डाल देती है।
उनका कहना है कि शिक्षा का उद्देश्य केवल ज्ञान ग्रहण करना नहीं, बल्कि नया ज्ञान और नए विचार पैदा करना भी होना चाहिए। छात्रों को अपनी सोच पर भरोसा करना सिखाना उतना ही जरूरी है जितना उन्हें किताबों का ज्ञान देना।
इंसानी अनुभव, AI से हमेशा आगे रहेंगे
क्रिएटिव राइटिंग विशेषज्ञ रमेश मेनन का मानना है कि AI कभी भी इंसानों के वास्तविक अनुभवों की बराबरी नहीं कर सकता। वे अपने छात्रों को स्क्रीन से दूर ले जाकर प्रकृति के बीच लिखने के लिए प्रेरित करते हैं। उनकी कार्यशालाओं में छात्र पेड़ों की छाल का स्पर्श महसूस करते हैं, मिट्टी की खुशबू सूंघते हैं, धूप और छांव का अंतर समझते हैं और फिर अपने अनुभवों को शब्दों में ढालते हैं। कई बार वे छात्रों को ऐतिहासिक स्थानों पर ले जाकर कल्पना करने को कहते हैं कि वे 450 साल पहले के किसी व्यक्ति या भूत की भूमिका में हैं और अपनी आत्मकथा लिखें। उनका मानना है कि ऐसे अनुभव AI कभी नहीं दे सकता।
AI का सही इस्तेमाल क्या होना चाहिए?
AI फिल्म निर्माण और कंटेंट क्रिएशन में तेजी से जगह बना रहा है। फिल्म निर्देशक आशीष मल्ल, जिन्होंने भारत की पहली पूर्ण AI फीचर फिल्म 'शतक: संघ के 100 वर्ष' बनाई, मानते हैं कि AI केवल निष्पादन (Execution) का माध्यम होना चाहिए, विचार का नहीं।
उनके अनुसार, हर भावनात्मक दृश्य पहले कागज पर लिखा जाता है और उसके बाद ही AI टूल का इस्तेमाल होता है। उनका कहना है कि AI खूबसूरत दृश्य बना सकता है, लेकिन किसी इंसान के दर्द, भावनाओं और संवेदनाओं को पूरी तरह महसूस नहीं कर सकता।
सबसे बड़ी ताकत है आपका अपना Taste
फिल्म निर्माता तनमय गौर के अनुसार, AI किसी व्यक्ति को अच्छा या बुरा स्वाद नहीं दे सकता। किसी रचनाकार का Taste उसकी पढ़ी गई किताबों, देखी गई फिल्मों, व्यक्तिगत अनुभवों, विचारधारा और जीवन के अनुभवों से बनता है। वे कहते हैं कि AI केवल उसी Taste के अनुसार कंटेंट तैयार कर सकता है, लेकिन Taste खुद विकसित नहीं कर सकता। इसलिए अंतिम निर्णय हमेशा इंसान का होना चाहिए कि कौन-सा कंटेंट रखना है और क्या हटाना है।
AI के दौर में रचनात्मकता कैसे बचाएं?
विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि हर दिन कुछ समय बिना किसी AI की मदद के लिखने की आदत डालनी चाहिए। इसके लिए "स्ट्रीम-ऑफ-कॉन्शियसनेस राइटिंग" जैसी तकनीक उपयोगी हो सकती है, जिसमें व्यक्ति अपने मन में आने वाले विचारों को बिना किसी संपादन या व्याकरण की चिंता किए लगातार लिखता है।
इसके बाद अपने काम पर दूसरों की प्रतिक्रिया लेना, आलोचना और ट्रोलिंग में अंतर समझना और लगातार अभ्यास करना रचनात्मकता को मजबूत बनाता है। AI को सहायक उपकरण की तरह इस्तेमाल करना सही है, लेकिन अगर वह हमारे लिए सोचने लगे, तो हमारी मौलिकता धीरे-धीरे कमजोर पड़ सकती है।
