गूगल ने अपने AI Studio प्लेटफॉर्म में नया और इनोवेटिव फीचर Vibe Coding पेश किया है। इस फीचर की मदद से डेवलपर्स अब केवल अपने AI-पावर्ड ऐप आइडिया को साधारण भाषा में लिखकर चैटबॉट से कोड तैयार करवा सकते हैं यानी जिन्हें कोडिंग नहीं आती है वो भी ऐप डेवलप कर सकते हैं। इतना ही नहीं, चैटबॉट ऐप का लाइव प्रीव्यू भी दिखाएगा और डेवलपर्स सीधे प्लेटफॉर्म से डिप्लॉयमेंट (पब्लिश) भी कर सकेंगे। इसके साथ ही कंपनी ने अपने Veo 3 वीडियो जनरेशन मॉडल और Nano Banana इमेज एडिटिंग मॉडल को भी डेवलपर्स के लिए उपलब्ध करा दिया है।
Google Vibe Coding/Photo-Google
क्या है Vibe Coding?
‘Vibe Coding’ हाल के समय में लोकप्रिय होता एक AI-असिस्टेड कोडिंग स्टाइल है, जिसमें डेवलपर को सिर्फ अपनी ऐप की कल्पना बतानी होती है और AI सिस्टम अपने आप पूरा कोड जनरेट करता है। इसमें इंसान की भूमिका एक ऑर्केस्ट्रेटर की तरह होती है यानी वह केवल विचार साझा करता है, टेक्स्ट प्रॉम्प्ट्स के जरिए बदलाव बताता है और नेचुरल लैंग्वेज फीडबैक देता है।
इस स्टाइल की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इससे कोडिंग की जटिलता कम हो गई है। अब कोई भी व्यक्ति जिसके पास विचार है, वह बिना प्रोग्रामिंग सीखे ऐप बनवा सकता है। इसी कारण कई बड़ी कंपनियां, जिनमें Google खुद भी शामिल है, अपने वर्कस्पेस में Vibe Coding का इस्तेमाल कर रही हैं।
Google AI Studio में क्या नया है
अब यह क्षमता सभी डेवलपर्स को मिल रही है जो Google AI Studio का इस्तेमाल करते हैं। डेवलपर्स सिर्फ एक साधारण टेक्स्ट प्रॉम्प्ट देकर AI-पावर्ड ऐप्स बना सकते हैं। साथ ही, वे Veo 3 और Nano Banana मॉडल्स की मदद से मल्टीमॉडल ऐप्स (यानी टेक्स्ट, वीडियो और इमेज को मिलाकर) भी तैयार कर सकते हैं। AI Studio के अंदर एक हाईब्रिड एल्गोरिद्म काम करता है जो यूजर के कॉन्टेक्स्ट और इरादे को समझकर अपने आप सही AI मॉडल्स और APIs को जोड़ देता है, जिससे पूरा ऐप डेवलपमेंट प्रक्रिया ऑटोमैटिक रूप से हो जाती है।
‘I’m Feeling Lucky’ और नई App Gallery
Google ने इसमें एक नया फीचर “I’m Feeling Lucky” भी जोड़ा है। यह बटन रैंडम ऐप आइडिया जनरेट करता है ताकि डेवलपर्स को नई प्रेरणा मिल सके। इसके अलावा, एक नई App Gallery भी जोड़ी गई है, जो Gemini चैटबॉट से बने विभिन्न ऐप्स की विजुअल लाइब्रेरी के रूप में काम करती है।
यहां यूजर नए प्रोजेक्ट आइडिया देख सकते हैं, उनका प्रीव्यू पा सकते हैं, स्टार्टर कोड से सीख सकते हैं और उन्हें अपने अनुसार रीमिक्स कर सकते हैं। AI Studio एक फ्री कोटा के साथ आता है। लेकिन अगर डेवलपर इस सीमा को पार कर लेते हैं, तो वे अपने API Key को जोड़कर Vibe Coding के जरिए ऐप डेवलपमेंट जारी रख सकते हैं।
