Apple ने अपने iPhone यूजर्स के लिए बड़ा दावा किया है। कंपनी के अनुसार, अगर iPhone में “Lockdown Mode” फीचर ऑन है, तो अब तक एक भी डिवाइस हैक नहीं हुआ है। रिपोर्ट के मुताबिक हाईटेक सरकारी लेवल के स्पायवेयर भी इस सुरक्षा को तोड़ नहीं पाए हैं।
ऐप्पल का बड़ा दावा, इस फीचर के ऑन होने के बाद कभी हैक नहीं होगा आईफोन
क्या है Lockdown Mode?
Lockdown Mode को साल 2022 में लॉन्च किया गया था। यह फीचर खासतौर पर हाई-रिस्क यूजर्स जैसे पत्रकार, एक्टिविस्ट और सरकारी अधिकारियों को ध्यान में रखकर बनाया गया है। इसका मकसद iPhone को हर तरह के साइबर हमले से सुरक्षित रखना है, भले ही इसके लिए कुछ सुविधाओं को सीमित क्यों न करना पड़े।
कैसे काम करता है यह फीचर?
Lockdown Mode एक सख्त सिक्योरिटी सिस्टम की तरह काम करता है। इसमें कई फीचर्स को सीमित कर दिया जाता है, जैसे- अनजान सोर्स से आने वाले मैसेज और अटैचमेंट ब्लॉक हो जाते हैं, कुछ वेब टेक्नोलॉजीज को डिसेबल कर दिया जाता है, अनजान लोगों से आने वाले कॉल या कनेक्शन को रोक दिया जाता है। इसका मकसद साफ है, हैकर्स के लिए एंट्री के सभी रास्ते बंद करना।
Pegasus जैसे स्पायवेयर भी फेल
दुनियाभर में Pegasus जैसे खतरनाक स्पायवेयर का इस्तेमाल किया जाता रहा है, जो बिना क्लिक किए भी फोन को हैक कर सकते हैं, लेकिन रिसर्च के अनुसार Lockdown Mode इन हमलों को भी रोकने में सफल रहा है। कई मामलों में तो हैकर्स ने ऐसे डिवाइस को टारगेट करना ही छोड़ दिया।
रिसर्च में भी साबित हुआ दावा
Amnesty International और Citizen Lab जैसी संस्थाओं ने भी जांच में पाया कि Lockdown Mode ऑन होने पर किसी भी iPhone को सफलतापूर्वक हैक नहीं किया जा सका। Apple ने यह भी बताया कि वह 150 से ज्यादा देशों (भारत सहित) में यूजर्स को संभावित साइबर हमलों के बारे में अलर्ट भेज चुका है। इससे साफ है कि खतरा अभी भी मौजूद है, लेकिन यह फीचर मजबूत सुरक्षा प्रदान कर रहा है।
कैसे ऑन करें Lockdown Mode?
अगर आप भी इस फीचर को ऑन करना चाहते हैं, तो ये आसान स्टेप्स फॉलो करें:
- iPhone में Settings खोलें
- Privacy & Security पर टैप करें
- नीचे स्क्रॉल करके Lockdown Mode चुनें
- Turn On Lockdown Mode पर क्लिक करें
- फिर Turn On & Restart पर टैप करें और पासकोड डालें
