स्पोर्ट्स

Paris Olympics 2024: लक्ष्य सेन ने बैडमिंटन के मेंस सिंगल के सेमीफाइनल में पहुंचकर रचा इतिहास, बने इस मुकाम पर पहुंचने वाले पहले भारतीय पुरुष

भारत के युवा बैडमिंटन स्टार लक्ष्य सेन ने चीनी ताइपे के चाउ तियान चेन को तीन गेम तक चले मुकाबले में मात दकर पेरिस ओलंपिक में पुरुषों की एकल स्पर्धा के सेमीफाइनल में प्रवेश करके इतिहास रच दिया।

Image

लक्ष्य सेन

Photo : AP
KEY HIGHLIGHTS
  • पुरुषों की एकल स्पर्धा के सेमीफाइनल में पहुंचे लक्ष्य से
  • चीनी ताइपे के चाउ तियान चेन को दी 19-21, 21-15, 21-12 से दी मात
  • बने बैडमिंटन में ओलंपिक सेमीफाइनल में पहुंचने वाले पहले भारतीय पुरुष

पेरिस: भारत के 22 वर्षीय शटलर लक्ष्य सेन ने पेरिस ओलंपिक में बैडमिंटन की पुरुषों की एकल स्पर्धा के सेमीफाइनल में प्रवेश करके इतिहास रच दिया है। वो ओलंपिक के सेमीफाइनल में पहुंचने वाले पहले भारतीय पुरुष और पीवी सिंधू के बाद दूसरे भारतीय बने हैं। उन्होंने शुक्रवार को खेले गए क्वार्टर फाइनल मुकाबले में चीनी ताइपे के चाउ तियान चेन को तीन गेम तक चले मुकाबले में 19-21, 21-15, 21-12 के अंतर से मात देकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया।

पहले गेम में मिली सेन को मिली 19-21 से हार

लक्ष्य सेन ने चीनी ताइपे के चाउ तियान चेन के खिलाफ क्वार्टर फाइनल मुकाबले में धीमी शुरुआत की। शुरुआत में सेन 2-5 से पीछे हो गए लेकिन उसके बाद उन्होंने मुकाबला 7-7 से बराबर कर लिया। लेकिन ब्रेक तक चेन ने 9-11 की बढ़त हासिल कर ली। ब्रेक के बाद चाउ 9-14 के अंतर से बढ़त और मजबूत कर ली। इसके बाद सेन ने शानदार वापसी करते लगातार 6 अंक लेते हुए 15-15 से बराबरी की और फिर 15-17 के अंतर से बढ़त बनाने में सफल हुए। इसके बाद चाउ सर्विस बेक करने में सफल हुए लेकिन एक अंक बाद लक्ष्य ने वापसी करते हुए 18-16 के अंतर से बढ़त बना ली। लेकिन चाउ ने फिर वापसी करते हुए 18-18 से बराबरी करने के बाद जीत की ओर बढ़ते दिखे और 21-19 से गेम अपने नाम कर लिया।

दूसरे गेम में लक्ष्य ने की शानदार वापसी

दूसरे गेम में लक्ष्य सेन ने अच्छी शुरुआत की और शुरुआत में 4-2 की बढ़त बना ली। लेकिन ताउ तियान ने शानदार वापसी की और 5-5 की बराबरी पर पहुंच गए। एक बार फिर दोनों खिलाड़ी एक-एक अंक के लिए संघर्ष करते दिखे। इसके बाद ताउ ने बढ़त बनाई लेकिन लक्ष्य ने वापसी करते हुए ब्रेक पर 11-10 के स्कोर के साथ पहुंचे। इसके बाद बढ़त को बरकरार रखा और 13-11 तक पहुंचे। लेकिन एक बार फिर स्कोर 13-13 से बराबर हो गया। लेकिन लक्ष्य ने इस स्कोर से आगे बढ़ते हुए मुकाबला 21-15 से अपने नाम कर लिया और मैच तीसरे गेम में पहुंच गया।

धमाकेदार अंदाज में जीता तीसरा गेम और मैच

तीसरे गेम में भी दोनों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। कोई भी खिलाड़ी एक भी अंक आसानी से देने को तैयार नहीं था। लेकिन लक्ष्य ने शानदार खेल दिखाते हुए 9-4 की बढ़त बना ली। तीसरे और निर्णायक गेम में ब्रेक पर वो 11-7 की बढ़त के साथ पहुंचे। इसके बाद उन्होंने तीसरा गेम 21-12 से अपने नाम करके मैच जीत लिया। सेन ने पहले गेम में पिछड़ने के बाद शानदार अंदाज में वापसी करते हुए 2-1 से मुकाबला अपने नाम कर लिया।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article