स्पोर्ट्स

पाकिस्तानी हॉकी की ऐसी कंगाली, खिलाड़ियों का दैनिक भत्ता मारा और अब...

PHF के अंतरिम निकाय ने ऐलान किया है कि अब खिलाड़ियों और अधिकारियों को विदेशी दौरे पर हर दिन 110 डॉलर यानी करीब 30 हजार पाकिस्तानी रुपये भत्ता मिलेगा।

Image

पाकिस्तान हॉकी (Asian Hockey Federation/X)

पाकिस्तान हॉकी टीम के खिलाड़ी इन दिनों बड़ी आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं। पाकिस्तान हॉकी महासंघ (PHF) ने अभी तक खिलाड़ियों का पुराना बकाया नहीं चुकाया है। ऊपर से अगस्त में नीदरलैंड और बेल्जियम में होने वाले एफआईएच विश्व कप से पहले ट्रेनिंग कैंप का दैनिक भत्ता भी घटा दिया गया है। इससे खिलाड़ियों में नाराजगी है। PHF के अंतरिम निकाय ने ऐलान किया है कि अब खिलाड़ियों और अधिकारियों को विदेशी दौरे पर हर दिन 110 डॉलर यानी करीब 30 हजार पाकिस्तानी रुपये भत्ता मिलेगा। इसमें मिस्र में हुआ वर्ल्ड कप क्वालीफायर टूर्नामेंट भी शामिल है। लेकिन खिलाड़ी इस वादे पर भरोसा नहीं कर रहे। उनका कहना है कि PHF पहले भी ऐसे वादे कर चुका है, लेकिन पैसे कभी मिले नहीं।

खिलाड़ियों को नहीं मिल रहा दैनिक भत्ता

असली परेशानी ट्रेनिंग कैंप के भत्ते को लेकर है। खिलाड़ियों ने बताया कि पहले उन्हें कैंप के दौरान रोज 11 डॉलर यानी लगभग 3000 पाकिस्तानी रुपये मिलते थे। अब इसे घटाकर सिर्फ 3.5 डॉलर यानी करीब 1000 रुपये कर दिया गया है। एक खिलाड़ी ने नाम न छापने की शर्त पर कहा, "1000 रुपये रोज देना राष्ट्रीय खिलाड़ियों का अपमान है। इतने में तो दिन भर का खाना भी नहीं होता।" सीनियर खिलाड़ियों ने PHF से लिखित में भत्ते की पुष्टि मांगी है, लेकिन अभी तक कोई जवाब नहीं मिला।इसी बीच PHF ने बृहस्पतिवार को बेल्जियम और इंग्लैंड में अगले महीने होने वाले एफआईएच प्रो लीग मैचों के लिए 20 सदस्यीय टीम का ऐलान किया। लेकिन टीम के कप्तान का नाम नहीं बताया गया। शकील अम्माद बट पिछले साल की शुरुआत से पाकिस्तान टीम की कप्तानी कर रहे हैं। कप्तान का नाम न बताने से भी खिलाड़ी हैरान और नाराज हैं।

कब से खेला जाएगा FIH प्रो लीग का तीसरा चरण

एफआईएच प्रो लीग का तीसरा चरण 13 से 27 जून तक खेला जाएगा। इस दौरान पाकिस्तान को बेल्जियम, स्पेन, इंग्लैंड और भारत के खिलाफ मैच खेलने हैं। इसके तुरंत बाद टीम को एफआईएच विश्व कप में भी हिस्सा लेना है। इतने बड़े टूर्नामेंट से पहले खिलाड़ियों की आर्थिक दिक्कतें टीम के प्रदर्शन पर असर डाल सकती हैं। खिलाड़ियों का कहना है कि जब तक बकाया और नया भत्ता हाथ में नहीं आता, तब तक वे PHF के वादों पर यकीन नहीं करेंगे। लगातार आर्थिक परेशानी और महासंघ के रवैये से पाकिस्तान हॉकी का भविष्य मुश्किल में दिख रहा है।

एफआईएच प्रो लीग के लिए पाकिस्तान की टीम-

गोलकीपर: वकार अली, अली रजा

रक्षापंक्ति: अबू बकर, अरबाज अहमद, मोहम्मद अब्दुल्ला, सुफयान खान

मिडफील्डर: नदीम खान, अम्माद शकील, मोइन शकील, हम्माद अंजुम, जकारिया हयात

फॉरवर्ड: गजनफर अली, मोहम्मद एम्माद, राणा वलीद, अफराज खान, राणा वाहिद, अब्दुर रहमान, अहमद नदीम, अरशद लियाकत, हनान शाहिद

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article