स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। एशियन गेम्स 2026 में भारतीय स्क्वैश जोड़ी जोशना चिनप्पा और वेलवन सेंथिलकुमार को मिक्स्ड डबल्स इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल से संतोष करना पड़ा। उन्हें सेमीफाइनल में हांगकांग के ली का यी और तांग मिंग होंग से रोमांचक तीन-गेम के मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा।
स्क्वैश में भारत ने जीता ब्रॉन्ज। फाइल फोटो
भारतीय जोड़ी कड़े मुकाबले में 10-11, 11-2, 10-11 से हार गई और उन्हें ब्रॉन्ज मेडल मिला। पहले गेम में दोनों जोड़ियों के बीच लंबी रैलियां हुईं और कोई भी पक्ष बड़ी बढ़त नहीं बना सका। जोशना और वेलवन ने बराबरी पर रहने के लिए कड़ी टक्कर दी, लेकिन हांगकांग की जोड़ी ने आखिरी पलों में बढ़त बनाते हुए गेम 11-10 से जीत लिया।
भारतीय जोड़ी ने की जबरदस्त वापसी
भारतीय जोड़ी ने दूसरे गेम में जबरदस्त वापसी की और आक्रामक खेल दिखाते हुए मैच पर अपना दबदबा बनाया। उन्होंने 3-0 की बढ़त बनाई और इसे 7-2 तक पहुंचाया, फिर 11-2 से गेम जीतकर मैच को निर्णायक गेम (decider) तक पहुंचाया।
आखिरी गेम में हांगकांग ने मारी बाजी
आखिरी गेम में, ली और तांग ने मजबूत शुरुआत करते हुए 5-2 की बढ़त बनाई, लेकिन जोशना और वेलवन ने वापसी करते हुए स्कोर 6-6 से बराबर कर दिया। भारतीय जोड़ी ने अपनी लय बनाए रखी और 10-7 से आगे हो गई, उन्हें मैच जीतने के लिए बस एक पॉइंट की जरूरत थी।
भारत को ब्रॉन्ज मेडल से करना पड़ा संतोष
हालांकि, हांगकांग की जोड़ी ने देर से वापसी की और लगातार चार पॉइंट जीतकर निर्णायक गेम 11-10 से अपने नाम किया और फाइनल में जगह बनाई। सेमीफाइनल में हार के साथ, जोशना चिनप्पा और वेलवन सेंथिलकुमार ने आइची-नागोया एशियन गेम्स में स्क्वैश मिक्स्ड डबल्स इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल जीता।
