स्पोर्ट्स

IPBL 2025: ऐतिहासिक रहा पिकलबॉल लीग का पहला दिन; लखनऊ, हैदराबाद और चेन्नई ने जीत के साथ किया आगाज

IPBL 2025: इंडियन पिकलबॉल लीग का पहला दिन हैदराबाद, लखनऊ और चेन्नई के नाम रहा। पहले दिन के खेल ने ही दिखा दिया कि यह सप्ताह कितना ऐतिहासिक रहने वाला है। लीग का पहला मुकाबला लखनऊ लैपर्डस के नाम रहा जिसने बेंगलुरु ब्लास्टर्स को हराकर जीत के साथ शुरुआत की।

आईपीबीएल 2025: पहले दिन के तीन सितारे (बाएं से दाएं) - शेल्बी बेट्स (लखनऊ लैपर्ड्स), मेगन फज (हैदराबाद रॉयल्स) और रूज वैन रीक (चेन्नई सुपर वॉरियर्स) ने नई दिल्ली में आईपीबीएल 2025 की ओपनिंग डे को खास बना दिया।

आईपीबीएल 2025: पहले दिन के तीन सितारे (बाएं से दाएं) - शेल्बी बेट्स (लखनऊ लैपर्ड्स), मेगन फज (हैदराबाद रॉयल्स) और रूज वैन रीक (चेन्नई सुपर वॉरियर्स) ने नई दिल्ली में आईपीबीएल 2025 की ओपनिंग डे को खास बना दिया।

IPBL 2025: भारतीय खेल इतिहास में सोमवार शाम को एक नया अध्याय जुड़ गया जब इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम के केडी जाधव इंडोर हॉल में पहली इंडियन पिकलबॉल लीग (आईपीबीएल) का आगाज हुआ। पहले दिन ही 3 बेहतरीन मुकाबलों ने इस लीग का टोन सेट कर दिया और बता दिया कि यह सप्ताह ऐतिहासिक रहने वाला है। लीग का पहला दिन लखनऊ लैपर्ड्स, हैदराबाद रॉयल्स और चेन्नई सुपर वारियर्स के नाम रहा, जिन्होंने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए दिल्ली के खेल प्रेमियों का खूब मनोरंजन किया और अपने-अपने मुकाबले जीते।

जीतने वाली पहली टीम बनी लखनऊ लैपर्ड्स

सीजन के पहले मुकाबले में लखनऊ लैपर्ड्स ने आक्रामक और संयम का परिचय देते हुए बेंगलुरु ब्लास्टर्स को 5-1 से हराया। मेंस सिंगल्स के पहले मुकाबले में आदित्य रुहेला ने फु ह्यून को 15-10 से हराया। खेल के आखिरी क्षणों में ब्लास्टर्स के स्टार खिलाड़ी ने जरूर दबाव बनाने की कोशिश की, लेकिन आदित्य ने मैच में अपनी पकड़ बनाए रखी।

मेंस डबल्स में बेंगलुरु ने फौरन वापसी की। ह्यून ने अर्जुन सिंह के साथ मिलकर हिमांश मेहता और रायलर डेहार्ट को 15-8 से हराकर मुकाबला 1-1 से बराबर कर दिया।

उसके बाद लखनऊ ने अलग ही लेवल का खेल दिखाया और बाकी बचे सभी मुकाबले अपने नाम कर लिए। शेल्बी बेट्स ने महिला सिंगल्स में पेई चुआन काओ पर 15-5 की एकतरफा जीत हासिल की। उन्होंने गेम पर कहीं भी अपना नियंत्रण नहीं खोया।

बेट्स यहीं नहीं रुकी, उन्होंने नाओमी अमलसादीवाला के साथ मिलकर महिला डबल्स मुकाबले में लखनऊ की रक्षिखा रवि और काओ की जोड़ी को 15-13 से हरा दिया।

उसके बाद ग्रैंड रैली में लखनऊ की टीम ने डीहार्ट, बेट्स, मेहता और अमलसादीवाला ने बारी-बारी से खेलते हुए बेंगलुरु को 21-17 से हराकर पहले दिन जीत के साथ आगाज किया। डीहार्ट को मेंस कैटेगेरी में जबकि बेट्स को विमेंस कैटेगेरी में सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया।

हैदराबाद रॉयल्स की शानदार जीत

हैदराबाद रॉयल्स ने पहले दिन का सबसे अच्छा प्रदर्शन किया, पहले चार मैचों में जीत हासिल करते हुए कैपिटल वॉरियर्स गुड़गांव पर 4-2 से जीत हासिल की। हालांकि, उसे ग्रैंड रैली में हार का सामना करना पड़ा। बेन न्यूवेल ने एरिक बादामी को मेंस सिंगल्स में 15-13 से पटखनी दी। बाद में दिव्यांशु कटारिया के साथ मिलकर उन्होंने जैक मुनरो और स्तव्या भसीन की जोड़ी को 15-11 से हराया।

महिला वर्ग में, मेगन फज ने सबसे बेहतरीन मैच खेलते एमिलिया श्मिट को 15-14 से हराया। इसके बाद फज ने स्नेहल पाटिल के साथ मिलकर विमेंस डबल्स में 15-10 से एक और शानदार जीत दर्ज की और हैदराबाद जीत लगभग सुनिश्चित कर दी। गुड़गांव को आखिरकार ग्रैंड रैली में जीत मिली जहां, रोटेशन अंततः सफल रहा, और उन्होंने 21-14 से जीत हासिल कर अपना एकमात्र अंक हासिल किया। इस तरह हैदराबाद ने 4-2 से टाई अपने नाम किया। बेन न्यूवेल को टाई का सर्वश्रेष्ठ पुरुष जबकि मेगन फज को सर्वश्रेष्ठ महिला खिलाड़ी का पुरस्कार मिला।

चेन्नई सुपर वॉरियर्स की धमाकेदार जीत

पहले दिन का आखिरी टाई चेन्नई के नाम रहा जहां उसने मुंबई स्मैशर्स को 5-1 से हराया। मुंबई ने वियतनाम के स्टार खिलाड़ी क्वांग डुओंग द्वारा मेंस सिंगल्स के पहले मैच में मिचेल हरग्रीव्स को 15-12 से हराकर उम्मीद जगाई। चेन्नई ने भी तेज़ी से जवाब दिया। हरग्रीव्स ने हर्ष मेहता के साथ मिलकर मेंस डबल्स में 15-9 से जीत हासिल की। बाद में रूज वैन रीक ने दबाव में डंटकर मुकाबला करते हुए विमेंस सिंगल्स में एलिसन हैरिस को 15-12 से हरा दिया।

वैन रीक ने आलिया इब्राहिम के साथ कोर्ट पर वापसी की और विमेंस डबल्स में 15-10 से जीत हासिल कर चेन्नई को 3-1 की बढ़त दिला दी। यह टाई ग्रैंड रैली के शानदार जीत के साथ खत्म हुआ जहां रोटेशन प्रक्रिया के तहत हरग्रीव्स, हर्ष मेहता, वैन रीक और इब्राहिम ने मुंबई 21-18 से हराकर चेन्नई की 5-1 से जीत सुनिश्चित कर दी। हर्ष मेहता को सर्वश्रेष्ठ पुरुष खिलाड़ी जबकि रूज वैन रीक को सर्वश्रेष्ठ महिला खिलाड़ी का पुरस्कार मिला।

इस तरह इंडियन पिकलबॉल का ओपनिंग डे ठीक उसी रोमांच के साथ खत्म हुआ जिसकी उम्मीद फैंस को थी। पहले दिन लखनऊ, हैदराबाद और चेन्नई के शुरुआती मुकाबलों ने यह साबित कर दिया कि आने वाले कुछ दिनों में फैंस पर पिकलबॉल का जादू सिर चढ़कर बोलेगा। मंगलवार को फैंस को कई रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे।

इंडियन पिकलबॉल लीग (IPBL) के बारे में

टाइम्स ग्रुप द्वारा लॉन्च की गई इंडियन पिकलबॉल लीग (IPBL), पिकलबॉल के लिए भारत की आधिकारिक और एकमात्र राष्ट्रीय लीग है। इसे इंडियन पिकलबॉल एसोसिएशन (IPA) द्वारा स्वीकृत किया गया है, जिसे भारत सरकार के खेल एवं युवा मामलों के मंत्रालय द्वारा मान्यता प्राप्त है। यह लीग 1 से 7 दिसंबर, 2025 तक इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में शुरू होने वाली है। इसका पहला सीजन दिल्ली को भारत की अगली बड़ी खेल क्रांति के केंद्र के रूप में स्थापित करेगा। यह लीग लाइव और डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से शीर्ष भारतीय और अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ियों और लाखों प्रशंसकों को एक साथ लाएगा। पिकलबॉल से जुड़े हर अपडेट और एक्सक्लूसिव बिहाइंड-द-सीन्स काटेंट, के लिए आप www.pickleballnow.in पर जा सकते हैं।

भारतीय पिकलबॉल एसोसिएशन के बारे में

भारतीय पिकलबॉल एसोसिएशन (Indian Pickleball Association) भारत में पिकलबॉल के आधिकारिक संचालन संस्था है, जो पूरे देश में इस खेल को बढ़ावा देने, विकसित करने और व्यवस्थित रूप से आयोजित करने के लिए समर्पित है। आईपीए नेशनल्स जैसे आयोजनों के माध्यम से एसोसिएशन सभी उम्र और कौशल स्तर के खिलाड़ियों को खेल अपनाने के लिए प्रेरित करता है। आईपीए एशियाई पिकलबॉल एसोसिएशन (एपीए) और ग्लोबल पिकलबॉल फेडरेशन (जीपीएफ) से संबद्ध है।

पिकलबॉल विश्व रैंकिंग के बारे में

पीडब्ल्यूआर एक राष्ट्रीय रैंकिंग प्रणाली है, जो सभी आयु वर्ग, कौशल वर्ग और प्रारूपों ( एकल, युगल और मिश्रित श्रेणियों सहित) को कवर करती है। यह भारत के लिए आधिकारिक राष्ट्रीय खेल महासंघ रैंकिंग के रूप में कार्य करता है। देशभर में हर सप्ताह कई स्वीकृत आयोजनों के साथ, पीडब्ल्यूआर हर स्तर पर शीर्ष भारतीय खिलाड़ियों को परिभाषित करता है और स्कूल, जिला, राज्य, और राष्ट्रीय स्तर पर टीम चयन का आधार तैयार करता है।

पिकलबॉल की सभी लेटेस्ट न्यूज़, एक्सक्लूसिव बिहाइंड-द-सीन्स कंटेंट के लिए हमें Instagram पर @pickleballnow पर फॉलो करें और कम्युनिटी का हिस्सा बनें!

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। स्पोर्ट्स (Sports News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

लेटेस्ट न्यूज

समीर कुमार ठाकुर
समीर कुमार ठाकुर Author

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटब... और देखें

End of Article