Women's Junior Asia Cup 2026: सानिका चंद्रकांत माने के एकमात्र गोल के दम पर भारतीय महिला जूनियर हॉकी टीम ने चीन को फाइनल में 1-0 से हराकर लगातार तीसरी बार एएचएफ जूनियर एशिया कप का खिताब जीत लिया है। इस जीत के साथ ही टीम ने जूनियर हॉकी वर्ल्ड कप के लिए भी अपना टिकट पक्का कर लिया है।
भारत ने चीन को हराया (फोटो साभार- @TheHockeyIndia)
भारत ने जीता एएचएफ जूनियर एशिया कप का खिताब
फाइनल में भारत के लिए विनिंग गोल 17वें मिनट में सानिका ने किया और यही गोल निर्णायक साबित हुआ। मैच की शुरुआत में दोनों टीमें बॉल पर कंट्रोल के लिए जूझती दिखीं। चीन ने ज्यादा देर तक बॉल अपने पास रखकर भारत पर प्रेशर बनाया, लेकिन भारतीय डिफेंस ने धैर्य नहीं खोया और शुरुआती दबाव को अच्छे से झेल लिया। पहला क्वार्टर आगे बढ़ने के साथ ही भारत की रक्षा और भी मजबूत हो गई और मेजबान चीन को सर्कल में कोई खुला मौका नहीं मिला।
सानिका ने किया कमाल
दूसरे क्वार्टर के दो मिनट बाद ही भारत को पहला बड़ा मौका मिला और सानिका ने उसे गोल में बदल दिया। उन्होंने समझदारी दिखाते हुए चीन की डिफेंडर के पीछे स्पेस बनाया और गोल से करीब पांच मीटर दूर पहुंच गईं। चीन के सर्कल में आए एक लंबे स्लैप-पुश पर सानिका ने शानदार डिफ्लेक्शन किया और बॉल सीधे गोलकीपर शू मेंगजियाओ को चकमा देकर नेट में चली गई। चीन को बराबरी का एक मौका पेनल्टी कॉर्नर से मिला, लेकिन उनका सीधा शॉट तय ऊंचाई से ऊपर था, इसलिए अंपायर ने उसे अवैध करार दे दिया। इससे भारत ने राहत की सांस ली। हाफ टाइम से दो मिनट पहले भारत के पास बढ़त दोगुनी करने का चांस था, जब कप्तान खैदेम शिलेमैमा चानू का तेज शॉट चीन की गोलकीपर ने बचा लिया।
एक भी मैच नहीं हारी भारतीय टीम
तीसरे क्वार्टर में चीन ने ज्यादा अटैक किया और एक बार बराबरी के करीब भी पहुंच गया, लेकिन भारतीय डिफेंस ने खतरे को टाल दिया। आखिरी क्वार्टर पूरी तरह से भारत के डिफेंस की परीक्षा थी। चीन ने आखिरी मिनटों में पूरा जोर लगाया, लेकिन भारतीय खिलाड़ियों ने अपनी लाइन नहीं टूटने दी और 1-0 की बढ़त को आखिर तक बचाए रखा। भारत ने पूरे टूर्नामेंट में एक भी मैच नहीं हारा। पूल स्टेज में 3 जीत और 1 ड्रॉ के साथ टॉप पर रहा, सेमीफाइनल में दक्षिण कोरिया को 5-1 से हराया और अब फाइनल में चीन को हराकर हैट्रिक खिताब जीता। इस जीत पर हॉकी इंडिया ने हर खिलाड़ी को 3 लाख और सपोर्ट स्टाफ को 1.5 लाख रुपये इनाम देने का ऐलान किया है।
