Hockey World Cup 2026: भारतीय पुरुष हॉकी टीम के मुख्य कोच क्रेग फुल्टन ने बड़ा ऐलान किया है। पेरिस ओलंपिक में लगातार दूसरा कांस्य दिलाने वाले फुल्टन अब हॉकी विश्व कप में 51 साल से चले आ रहे पदक के सूखे को खत्म करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि हरमनप्रीत सिंह की कप्तानी में टीम इस बार इतिहास बनाने के लिए पूरी तरह तैयार है।
भारतीय हॉकी टीम(फोटो साभार- Hockey India)
कब से शुरू होगा वर्ल्ड कप
हॉकी विश्व कप 15 से 30 अगस्त तक नीदरलैंड और बेल्जियम में खेला जाएगा। आठ बार की ओलंपिक चैंपियन भारत ने अब तक विश्व कप में सिर्फ 3 पदक जीते हैं। आखिरी स्वर्ण 1975 में अजीत पाल सिंह की कप्तानी में कुआलालंपुर में आया था। उसके बाद से भारत विश्व कप में पदक नहीं जीत पाया है।
भारत ने आखिरी बार 1975 में जीता था खिताब
पीटीआई से बातचीत में फुल्टन ने कहा, “भारत ने आखिरी बार 1975 में यह खिताब जीता था। हमारे लिए सबसे जरूरी है प्रदर्शन में निरंतरता लाना और उसे एशियाई खेलों तक बनाए रखना। एशियाई खेलों में गोल्ड जीतना भी हमारी प्राथमिकता है क्योंकि उससे 2028 ओलंपिक का टिकट सीधे मिल जाएगा।” दक्षिण अफ्रीका के 51 वर्षीय कोच ने कहा कि टीम में युवा और अनुभव का शानदार मिश्रण है। “हमने पेरिस में साबित किया कि युवा खिलाड़ियों के साथ भी हम अनुभवी टीम उतार सकते हैं। हम किसी भी टीम को हराने में सक्षम हैं। मुझे भारतीय हॉकी की विरासत पता है और यह भी पता है कि विश्व कप में हमारा रिकॉर्ड अच्छा नहीं रहा। हम इसे बदलना चाहते हैं।”
कड़ा ग्रुप, अच्छी शुरुआत जरूरी
भारत को पूल डी में वेल्स, इंग्लैंड और पारंपरिक प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के साथ रखा गया है। फुल्टन ने कहा, “ग्रुप काफी कड़ा है। वेल्स के खिलाफ पहला मैच जीतकर हमें लय बनानी होगी। आखिर तक पहुंचकर अपना बेस्ट देना होगा।” फिलहाल भारत विश्व रैंकिंग में 8वें नंबर पर है, लेकिन फुल्टन को इससे फर्क नहीं पड़ता। “रैंकिंग टूर्नामेंट के बाद मायने रखती है। हमारा लक्ष्य हर टूर्नामेंट जीतना है। एशिया में हमने जो भी खेला, जीता। लेकिन बेसिक्स पर ध्यान देना होगा।” विश्व कप टीम में डिफेंडर यशदीप सिवाच और फॉरवर्ड आदित्य अर्जुन लागले जैसे युवा भी हैं। फुल्टन ने कहा कि ऐसे खिलाड़ी टीम के लिए जरूरी हैं जो कई पोजीशन निभा सकें।
