स्पोर्ट्स

हॉकी स्टार मनप्रीत सिंह ने किया अपने करियर की दो अधूरी ख्वाहिशों का खुलासा

भारत के अनुभवी मिडफील्डर मनप्रीत सिंह ने अपने सुनहरे करियर में काफी कुछ हासिल किया लेकिन उन्होंने अपनी दो अधूरी ख्वाहिशों का खुलासा किया है जिन्हें वो इस बार पूरा करना चाहते हैं ।

Image

मनप्रीत सिंह (फोटो क्रेडिट AI Generated)

नई दिल्ली: भारत के अनुभवी मिडफील्डर मनप्रीत सिंह ने अपने सुनहरे करियर में काफी कुछ हासिल किया लेकिन विश्व कप में पदक जीतने की अधूरी ख्वाहिश वह इस बार पूरी करना चाहते हैं और लॉस एंजिलिस ओलंपिक 2028 खेलना भी उनका लक्ष्य है। पूर्व कप्तान मनप्रीत ने टोक्यो और पेरिस ओलंपिक में कांस्य पदक, एशियाई खेल 2014 और 2022 में स्वर्ण और 2018 में कांस्य पदक जीते हैं।

वर्ल्ड कप में पदक के सूखे को करना चाहते हैं खत्म

34 बरस के मनप्रीत विश्व कप में 51 साल से भारत को पदक नहीं मिलने की कमी पूरी करना चाहते हैं । उन्हें पूरा यकीन है कि बेल्जियम और नीदरलैंड में 15 से 30 अगस्त तक होने वाले टूर्नामेंट से भारत खाली हाथ नहीं लौटेगा। मनप्रीत ने पीटीआई से कहा,'एक खिलाड़ी कभी नहीं रूकता । मैं ज्यादा से ज्यादा समय खेलकर पदक जीतना चाहता हूं। हमने लगातार दो ओलंपिक में पदक जीते लेकिन विश्व कप पदक जीतना बाकी है । मैं 1975 के बाद से विश्व कप में पदक नहीं जीत पाने की कमी पूरी करना चाहता हूं । इस बार हम जरूर जीतेंगे । हम उसी मानसिकता के साथ खेलेंगे जिससे पिछले दो ओलंपिक में पदक जीते हैं।'

मेरी अपेक्षाएं हैं बड़ी

उन्होंने कहा,'मेरी अपेक्षायें बड़ी हैं क्योंकि खिलाड़ी का करियर काफी छोटा होता है। आपको नहीं पता कि कल क्या होगा , चाहे आप 24 साल के हों या 35 के । कब कोई चोट लग जाये लिहाजा हर टूर्नामेंट को आखिरी समझकर खेलना चाहिये । पता नहीं विश्व कप के बाद क्या हो लेकिन मैं अपना सौ प्रतिशत देने की कोशिश करूंगा।'

मेरा लक्ष्य है लॉस एंजिलिस ओलंपिक

हाल ही में दिलीप टिर्की का 412 मैचों का रिकॉर्ड तोड़कर भारत के लिये सर्वाधिक अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाले हॉकी खिलाड़ी बने मनप्रीत ने कहा,

'मेरा लक्ष्य लॉस एंजिलिस ओलंपिक 2028 है। इसके लिये मैं अपनी फिटनेस पर पूरा काम कर रहा हूं।' विश्व कप की तैयारियों के बारे में उन्होंने कहा ,’’हमारा पेनल्टी कॉर्नर काफी मजबूत है जिसमें हमारे पास हरमन, संजय, अमित रोहिदास है ।हमें अपना डिफेंस मजबूत रखना होगा और मुझे यकीन है कि हम गोल करने के मौके भी नहीं गंवायेंगे।'

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article