FIFA World Cup 2022: फ्रांस ने मोरक्को को रौंदा, इतिहास रचने की दहलीज पर डिफेंडिंग चैंपियन, अर्जेंटीना से ‘ड्रीम फाइनल’

  • Agency by: Agency
  • Updated Dec 15, 2022, 09:32 AM IST

France vs Morocco FIFA World Cup 2022 Semifinal: डिफेंडिंग चैंपियन फ्रांस फीफा विश्व कप 2022 के फाइनल में पहुंच गया है। फ्रांस ने सेमीफाइनल में मोरक्को को शिकस्त दी। फ्रांस अब खिताबी मुकाबले में अर्जेंटीना से टकराएगा।

अल खोर: आखिरी मुकाबला लियोनेल मेस्सी बनाम काइलियान एमबाप्पे। फ्रांस और एमबाप्पे ने मोरक्को के ऐतिहासिक अश्वमेधी अभियान में नकेल कसते हुए एक बार फिर फुटबॉल के महासमर के खिताबी मुकाबले में जगह बना ली और दुनिया भर के फुटबॉलप्रेमियों को मिला एक ‘ड्रीम फाइनल ’। दर्शक दीर्घा में राष्ट्रपति एमैन्युअल मैकरोन की मौजूदगी में पिछले चैम्पियन फ्रांस ने पहली बार सेमीफाइनल में पहुंचने वाली अफ्रीकी टीम मोरक्को को 2-0 से हराया। एमबाप्पे ने पांचवें मिनट में थियो हर्नांडिज और 79वें मिनट में सब्स्टीट्यूट रेंडल कोलो मुआनी के गोल में सूत्रधार की भूमिका निभाई।

फ्रांस बनाम मोरक्को

फ्रांस का सामना रविवार को अर्जेंटीना से होगा और उसकी नजरें 1962 में ब्राजील के बाद खिताब बचाने वाली पहली टीम बनने पर लगी होंगी। एमबाप्पे के पास 35 वर्ष के मेस्सी की टीम के खिलाफ चमत्कारिक प्रदर्शन करके फुटबॉल के महानतम खिलाड़ियों में अपना नाम दर्ज कराने का मौका होगा। एमबाप्पे 2018 में रूस में फ्रांस की खिताबी जीत के बाद फुटबॉल के सुपरस्टार बनकर उभरे थे। पिछले 15 साल से चले आ रहे मेस्सी और क्रिस्टियानो रोनाल्डो के दबदबे को उन्होंने चुनौती दी थी। उनके पास लगातार दो विश्व कप जीतने वाले पेले के करिश्मे को दोहराने का मौका होगा।

End of Feed