न्यूयॉर्क: फीफा वर्ल्ड कप 2026 अपने आखिरी पड़ाव पर आ पहुंचा है जहां डिफेंडिंग चैंपियन अर्जेंटीना और साल 2010 की चैंपियन स्पेन के बीच न्यूयॉर्क में खिताबी भिड़ंत होने जा रही है। इस मुकाबले का इंतजार दुनियाभर के फुटबॉल प्रशंसक कर रहे हैं। लियोनल मेसी की कप्तानी में खेल रही अर्जेंटीना की टीम की नजर चौथी बार खिताब जीतने और खिताब बचाने वाली चौथी टीम बनने पर है। वहीं स्पेन की टीम दूसरी बार फाइनल में पहुंचकर दूसरी बार खिताब जीतने का अनोखा रिकॉर्ड अपने नाम करने की फिराक में है। ऐसे में प्रशंसक ये भी जानना चाहते हैं कि खिताब जीतने वाली टीम को चमचमती ट्रॉफी के साथ कितनी प्राइज मनी मिलेगी।
फीफा वर्ल्ड कप 2026 प्राइज मनी (फोटो AI Generated)
फुटबॉल दुनियाभर के सबसे लोकप्रिय खेलों में से एक है। ऐसे में फुटबॉल के विश्व कप में मिलने वाली प्राइज मनी भी बेहद आकर्षक है। अमेरिका, मैक्सिको और कनाडा की साझा मेजबानी में आयोजित विश्व कप में 48 टीमों ने शिरकत की। खिताब जीतने से लेकर अंतिम पायदान पर रहने वाली टीम तक सभी टीमों को मोटी प्राइज मनी देने का ऐलान फीफा ने पहले ही कर दिया था।
विजेता को मिलेगे 430 करोड़ रुपये
स्पेन और अर्जेंटीना में से जो भी टीम खिताब जीतेगी उसे 5 करोड़ अमेरिकी डॉलर यानी लगभग 430 करोड़ रुपये बतौर इनाम दिए जाएंगे। फाइनल में हार का सामना करने वाली टीम को भले ही ट्रॉफी ना मिले लेकिन उसके खाते में 3.3 करोड़ अमेरिकी डॉलर यानी तकरीबन 284 करोड़ रुपये आएंगे। तीसरे नंबर पर रहने वाली टीम को 2.9 करोड़ अमेरिकी डॉलर (249 करोड़ रुपये) और चौथे पायदान पर रहने वाली टीम को 2.7 करोड़ डॉलर(232 करोड़ रुपये की मोटी धनराशि मिलेगी।
आखिरी पायदान पर रहने वाली टीम के खाते में आएंगे 77.4 करोड़ रुपये
क्वार्टर फाइनल में हार का सामना करने वाली यानी 5वें से 8वें पायदान पर रहने वाली टीमों के खाते में 1.9 करोड़ डॉलर(163 करोड़ रुपये) आएंगे। वहीं राउंड ऑफ 16 में हार का सामना करने वाली सभी टीमों को 1.5 करोड़ डॉलर(129 करोड़ रुपये) की राशि मिलेगी। वहीं राउंड ऑफ 32 में हार का सामना करने वाली सभी टीमों को 1.1 करोड़ अमेरिकी डॉलर (95 करोड़ रुपये) इसके अलावा टूर्नामेंट में भाग लेने वाली अन्य टीमों को कम से कम 90 लाख अमेरिकी डॉलर यानी 77.4 करोड़ रुपये की मोटी राशि मिलेगी।
