न्यूयॉर्क: अमेरिकी ओपन के पहले दौर में मिली हार के बीच कोर्ट पर एक फोटोग्राफर के आने पर अपना गुस्सा उतारने वाले रूस के दानिल मेदवेदेव पर उनकी मैच फीस 1,100,00 डॉलर का एक तिहाई से भी अधिक 42,500 डॉलर जुर्माना लगाया गया है। जो भारतीय मुद्रा में 37 लाख रुपये से ज्यादा है। टूर्नामेंट रैफरी जैक गार्नर ने खेल भावना के विपरीत आचरण पर मेदवेदेव पर 30,000 डॉलर और रैकेट तोड़ने पर 12,500 डॉलर जुर्माना लगाया। मैच खत्म होने के बाद मेदवेदेव ने अपना रैकेट तोड़ दिया था।
चेयर अंपायर के निर्णय पर मेदवेदेव ने किया विरोध
दुनिया के पूर्व नंबर एक खिलाड़ी रह चुके मेदवेदेव उस समय नाराज हो गए जब चेयर अंपायर ग्रेग एलेंसवर्थ ने फोटोग्राफर द्वारा बाधा पहुंचाये जाने के बाद विरोधी खिलाड़ी बेंजामिन बोंजी को पहले सर्विस की अनुमति दे दी। बोंजी उस समय तीसरे सेट में 5-4 से आगे थे जब एक फोटोग्राफर कोर्ट के साइड में चलने लगा। बाद में उसकी मान्यता रद्द कर दी गई। चेयर अंपायर ने फोटोग्राफर को बाहर जाने के लिये कहा और उसके बाद बोंजी को फिर सर्विस दे दी।
पहले दौर में मिली कड़े मुकाबले में हार
मेदवेदेव को यूएस ओपन के पहले राउंड के मैच में फ्रांस के बेंजामिन बोंजी के खिलाफ 3-6, 5-7, 7-6, 6-0 और 4-6 के अंतर से हार का सामना करना पड़ा। इस हार के साथ ही उनका साल के आखिरी ग्रैंड स्लैम में सफर पहले ही दौर में थम गया। इस हार के बाद उनके ऊपर मैच रेफरी ने मोटा जुर्माना लगा दिया। हालांकि उनके ऊपर जुर्माना लगाए जाने पर इस मुद्दे पर नए सिरे से बहस छिड़ गई है।
(भाषा)
