कनसास सिटी: क्यूरासाओ के गोलकीपर एलोय रूम ने इक्वाडोर के खिलाफ गोलरहित बराबरी पर छूटे मैच में 15 बचाव करके विश्व कप फुटबॉल में नया रिकॉर्ड बनाया। विश्व कप में सर्वाधिक बचाव करने की आंकड़े 1966 से ही रखे जाने लगे थे और रूम 15 बचाव करके इस सूची में दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं। रिकॉर्ड 16 बचाव करने का है जो एक जुलाई, 2014 को अमेरिका के टिम हॉवर्ड ने बेल्जियम के खिलाफ बनाया था।
एलोय रूम
तोड़ा टिम हॉवर्ड का 60 साल पुराना रिकॉर्ड
हॉवर्ड ने हालांकि 120 मिनट तक चले मैच में यह रिकॉर्ड बनाया था। इस तरह से रूम ने 90 मिनट के निर्धारित समय में सर्वाधिक बचाव करने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। रूम ने मैच के बाद कहा,'यह एक अविस्मरणीय अनुभव है। जब आप ऐसा करते हैं तो आप इसके बारे में नहीं सोचते, लेकिन निश्चित रूप से यह एक ऐसा पल है जिसे मैं ताउम्र याद रखूंगा। मेरे लिए एक गोलकीपर के रूप में यह लगभग परफेक्ट मैच है।' इस 37 वर्षीय गोलकीपर ने मुस्कुराते हुए कहा कहा,'मुझे लगता है कि अब मेरी क्यूरासाओ में प्रतिमा लगाई जानी चाहिए।'
नीदरलैंड में हुआ जन्म, क्यूरासाओ के लिए रचा इतिहास
नीदरलैंड्स में जन्मे रूम ने इस साल की शुरुआत में फीफा को दिए एक इंटरव्यू में बताया कि क्यूरासाओ के लिए खेलने का फैसला उन्होंने इसलिए किया क्योंकि बचपन से ही उनका सपना था कि वे इस देश के साथ वर्ल्ड कप में खेलें। वह अपने पिता की वजह से क्यूरासाओ का प्रतिनिधित्व करने के योग्य बने और उन्होंने बताया कि जवानी के दिनों में वह छुट्टियों में वहां जाया करते थे। पैट्रिक क्लुइवर्ट ने साल 2015 में उन्हें टीम में शामिल होने के लिए संपर्क किया था, उस वक्त नीदरलैंड के पूर्व इंटरनेशनल खिलाड़ी टीम के मैनेजर थे।
सोशल मीडिया में बढ़ी लोकप्रियता
शनिवार को किए शानदार प्रदर्शन का असर भी उनके इन्स्टाग्राम अकाउंट पर दिखा था। मैच से पहले इंस्टाग्राम पर उनके 1 लाख से भी कम फॉलोअर थे, जो अब 7 लाख से ज्यादा हो गए हैं।
(भाषा इनपुट के साथ)
