मध्यप्रदेश के खिलाफ पहली पारी में दोहरा शतक जमाने के बाद रेस्ट ऑफ इंडिया के युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल का दूसरी पारी में भी शानदार प्रदर्शन जारी है। यशस्वी जायसवाल ने ईरानी कप के चौथे दिन 58 रन से आगे खेला शुरू किया। लंच टाइम से पहले यशस्वी ने आक्रामक पारी खेलकर अपना शतक पूरा किया और टीम के स्कोर को 200 के पार पहुंचाया। यशस्वी जायसवाल ने मध्यप्रदेश के खिलाफ पहली पारी में दोहरा शतक जमाकर टीम के स्कोर 400 के करीब तक पहुंचाया था। लंच टाइम तक रेस्ट ऑफ इंडिया ने 7 विकेट के नुकसान पर 201 रन बना लिए थे। इसके साथ ही टीम ने मध्यप्रदेश के खिलाफ 391 रन की बढ़त बना ली है।
103 गेंद में पूरा किया शतक
21 साल के बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल का बल्ला चौथे दिन भी जमकर बोल रहा है। यशस्वी ने 103 गेंद पर 13 चौके और 1 छक्के की मदद से 100 रन पूरा किया। यशस्वी ने लंच टाइम तक 91.66 की स्ट्राइक रेट से 132 गेंद पर 15 चौके और दो छक्के की मदद से 121 रन बनाकर मैदान पर डटे हुए हैं। उनके साथ पुलकित नारंग (1*) उनका साथ दे रहे हैं। मध्यप्रदेश के खिलाफ पहली पारी में यशस्वी जायसवाल ने 82.23 की स्ट्राइक रेट से 259 गेंद पर 213 रन बनाए थे।
मयंक एक बार फिर हुए फेल
रेस्ट ऑफ इंडिया के कप्तान मयंक अग्रवाल एक बार फिर फेल रहे। दूसरी पारी में मयंक ने चार गेंदों का सामना किया, लेकिन बिना खाता खोले ही वापस पवेलियन लौट आए। मयंक अग्रवाल को पहले ही ओवर की पांचवीं गेंद पर कुमार कार्तिकेय ने एलबीडब्ल्यू किया। वहीं, पहली पारी में भी वे बड़ी पारी नहीं खेल पाए थे। मयंक 11 गेंदों पर दो रन बनाकर आवेश खान की गेंद पर कप्तान हिमांशु मंत्री को कैच थमा बैठे थे।
