WTC 2023 Final, IND va AUS: वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप के खिताबी मुकाबले का बुधवार से आगाज हुआ। लंदन के ऐतिहासिक मैदान द ओवल पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले खेलने उतरी ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत अच्छी नहीं रही, लेकिन ट्रेविस हेड और स्टीव स्मिथ ने शानदार साझेदारी कर कंगारू टीम को 325 रन के पार पहुंचाया। ट्रेविस हेड के शतकीय पारी के बाद स्टीव स्मिथ भी शतक के करीब पहुंच गए। पहले दिन का खेल खत्म होने तक ऑस्ट्रेलिया ने 85 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 327 रन बनाए।
स्टीव स्मिथ।
ICC नॉकआउट में सर्वाधिक 50+ रन बनाने वाले कंगारू
भारत के खिलाफ ट्रेविस हेड के बाद स्टीव स्मिथ का बल्ला भी जमकर चला। इसके साथ स्मिथ ने आईसीसी नॉकआउट मैचों में सर्वाधिक 50 से ज्यादा रन बनाने के मामले में पहले ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी बन गए हैं। स्मिथ नॉकआउट मैचों में पांचवीं बार यह कारनामा किया है। इस मामले में स्मिथ ने ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान और दिग्गज खिलाड़ी रिकी पोंटिंग और शेन वॉटसन को पीछे छोड़ दिया। रिकी पोंटिंग और शेन वॉटसन ने 4-4 बार 50 से ज्यादा बार स्कोर किए थे।
शतक से 5 रन दूर हैं स्मिथ
स्टीव स्मिथ ने लड़खड़ाई ऑस्टेलिया टीम के लिए शानदार पारी खेली। उन्होंने 41.85 की स्ट्राइक रेट से 227 गेंदों पर 14 चौकों की मदद से 95 रन बनाए। वे अपने शतक से पांच रन दूर हैं। मुकाबले के दूसरे दिन अगर वे शतक जड़ देते हैं तो यह उनका टेस्ट करियर का 38वां शतक होगा, जबकि भारत के खिलाफ 9वां शतक होगा।
स्मिथ और हेड ने 250 से ज्यादा रनों की साझेदारी की
76 रन पर तीन विकेट गंवा चुकी ऑस्ट्रेलियाई टीम को स्टीव स्मिथ ने चौथे विकेट के लिए ट्रेविस हेड के साथ शानदार साझेदारी कर टीम के स्कोर को पहले दिन का खेल खत्म होने तक 325 के पार पहुंचाया। दोनों खिलाड़ियों ने 370 गेंदों पर 251 रन की शानदार साझेदारी की, जबकि पहले विकेट के लिए उस्मान ख्वाजा और डेविड वॉर्नर के बीच 22 गेंदों पर 2 रन की साझेदारी हुई थी। इसी तरह दूसरे विकेट के लिए डेविड वॉर्नर और मार्नस लाबुशेन के बीच 108 गेंदों पर 69 रन की और तीसरे विकेट के लिए स्टीव स्मिथ और मार्नस लाबुशेन के बीच 15 गेंदों पर 5 रन की साझेदारी हुई थी।
