क्रिकेट

WPL 2023 MIW vs GGW: मुंबई इंडियन्स ने किया विजयी आगाज, गुजरात जायंट्स को दी 143 रन से करारी मात

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Mar 4, 2023, 11:11 PM IST

WPL 2023, Mumbai Indians vs Gujarat Giants Match Highlights: हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली मुंबई इंडियन्स की टीम ने गुजरात जायंट्स को विमेंस प्रीमियर लीग के उद्धाटन मुकाबले में करारी मात देकर धमाकेदार शुरुआत की है। मैच का ऐसा रहा हाल।

Image

हरमनप्रीत कौर और अमेलिया केर(साभार Mumbai Indians)

Photo : Twitter

WPL 2023 MI vs GG, Match Report: हरमनप्रीत कौर की 30 गेंद में 65 रन की आतिशी कप्तानी पारी की बदौलत मुंबई इंडियन्स ने विमेंस प्रीमियर लीग के उद्धाटन मुकाबले में गुजरात जायंट्स को करारी मात देकर विजयी शुरुआत की है। मुंबई के डीवाय पाटिल स्टेडियम में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई इंडियन्स ने गुजरात जायंट्स के गेंदबाजों की जमकर धुनाई करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट पर 207 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया था। इसके बाद उन्होंने शानदार गेंदबाजी करते हुए गुजरात की टीम को 15.1 ओवर में 9 विकेट पर 64 रन पर ढेर कर दिया। चोटिल बेथ मूनी रिटायर्ड होने के बाद दोबारा बल्लेबाजी करने नहीं उतरीं। गुजरात के 9 बल्लेबाज दो अंक के आंकड़े को छू पाने में नाकाम रहे। दयालन हेमलता(29*) और मोनिका (10) रन बना सकीं। बांए हाथ की स्पिनर इसाक ने 11 रन देकर चार विकेट लिए और मुंबई की सबसे सफल गेंदबाज रहीं।

पहले ही ओवर में चोटिल हुई बेथ मूनी

जीत के लिए 208 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात जायंट्स की शुरुआत बेहद खराब रही। गुजरात को पहला झटका पहले ओवर में ही लग गया। कप्तान बेथ मूनी की जांघ की मांसपेशियों में चोट लग गई और उन्हें रिटायर्ड हर्ट होकर पवेलियन वापस लौटना पड़ा। मूनी ने तीन गेंद का सामना किया और अपना खाता भी नहीं खोल सकीं।

लगी रही गुजरात के विकेटों की झड़ी

मूनी के वापस पवेलियन लौटने के बाद बल्लेबाजी करने आईं हरलीन देओल को दूसरी ही गेंद पर नताली स्कीवर ने वॉन्ग के हाथों कैच कराकर वापस पवेलियन भेज दिया। वो अपना खाता नहीं खोल पाईं। इसके बाद वॉन्ग ने अपनी गेंद पर एश्ले गार्डनर को स्लिप पर हैली मैथ्यूज के हाथों कैच करा दिया। वो भी अपना खाता खोलने में नाकाम रहीं। इसके बाद एस मेघना को नैटली स्कीवर ने बोल्ड कर दिया। वो दो रन बना सकीं।

मुंबई इंडियन्स ने नहीं दिया गुजरात को वापसी का मौका

गुजरात की टीम 3 ओवर में 8 रन पर 3 विकेट खोकर बैकफुट में आ गई। इसके बाद मुंबई के गेंदबाजों ने लगातार विकेट चटकाकर उन्हें वापसी का कोई मौका नहीं दिया। पांचवें ओवर में एनाबेल सदरलैंड(6) को इसाक ने बोल्ड करके चौथी सफलता दिलाई। इसके बाद जॉर्जिया वेहरहेम(8) को भी इसाक ने अपना शिकार बनाया। आठवें ओवर में एमेलिया केर ने बल्लेबाजी के बाद अपनी लेग स्पिन गेंदबाजी का जौहर दिखाया और तीन गेंद के अंतराल में स्नेह राणा(1) और तनुजा कंवर(0) को चलता कर दिया। 8 ओवर में 23 रन पर 7 विकेट गुजरात ने गंवा दिए थे। इसके बाद मुंबई ने जल्दी ही जीत की औपचारिकताओं को पूरा कर दिया। चोटिल बेथ मूनी दोबारा बल्लेबाजी करने नहीं उतरीं।

खराब शुरुआत के बाद मैथ्यूज और नताली स्कीवर ने संभाला

गुजरात जायंट्स के खिलाफ उद्धाटन मुकाबले में टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई इंडियन्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही। सलामी बल्लेबाज यस्तिका भाटिया 1 रन बनाकर तनुजा कंवर की गेंद पर लपकी गईं। इसके बाद हैली मैथ्यूज और नताली स्कीवर ब्रंट ने पारी को संभाला। हैली मैथ्यूज ने तेजी से बल्लेबाजी करते हुए मुंबई इंडियन्स को 7.2 ओवर में पचास रन के पार पहुंचा दिया। इसके बाद दोनों ने दूसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी 35 गेंद में पूरी कर ली।

अर्धशतक से चूकीं हैली मैथ्यूज

ऐसे में नौवें ओवर की पांचवीं गेंद पर नैटली स्कीवर को वेयरहैम ने स्नेह राणा के हाथों कैच कराकर साझेदारी को तोड़ दिया। स्कीवर 18 गेंद में 23 रन बनाकर पवेलियन वापस लौटीं। इसके बाद कप्तान हरमनप्रीत कौर बल्लेबाजी करने उतरीं। ऐसे में 10वें ओवर की आखिरी गेंद पर 47(31) रन बनाकर हैली मैथ्यूज एश्ले गार्डनर की गेंद पर बोल्ड हो गईं। उन्होंने अपनी आतिशी पारी के दौरान 3 चौके और 4 छक्के जड़े।

हरमनप्रीत कौर ने जड़ा कप्तानी अर्धशतक

10 ओवर में 77 रन पर 3 विकेट गंवाकर मुंबई इंडियन्स की टीम मुश्किल में नजर आ रही थीं। ऐसे में कप्तान हरमनप्रीत कौर ने मोर्चा संभाला और मैदान के चारों ओर चौके छक्के जड़ने शुरू कर दिया। उन्होंने अपनी बल्लेबाजी का क्लास दिखाया और अमेलिया केर के साथ मिलकर मैदान पर चौकों की झड़ी लगी दी। चौथे विकेट के लिए हरमनप्रीत कौर ने अमेलिया केर के साथ चौथे विकेट के लिए 25 गेंद में अर्धशतकीय साझेदारी पूरी कर ली। इसके बाद हरमनप्रीत ने अपनी आतिशी बल्लेबाजी को जारी रखते हुए 22 गेंद में 11 चौकों की मदद से अर्धशतक पूरा कर लिया और विमेंस प्रीमियर लीग इतिहास में पचासा जड़ने वाली पहली बल्लेबाज बन गईं।

स्नेह राणा ने किया हरमनप्रीत की पारी का अंत

अर्धशतक पूरा करने का बाद हरमनप्रीत की आतिशी बल्लेबाजी जारी रही लेकिन 30 गेंद में 65 रन बनाकर वो स्नेह राणा की गेंद पर हेमलता के हाथों लपकी गईं। उन्होंने 14 चौके अपनी पारी में जड़े। हरमनप्रीत और केर के बीच चौथे विकेट के लिए 89 (42) रन की साझेदारी हुई। हरमनप्रीत के आउट होने के बाद एक छोर केर ने संभाले रखा। अंत में बल्लेबाजी करने आईं पूजा वस्त्राकर ने 8 गेंद में 15 रन की पारी खेली। वहीं केर 24 गेंद में 45 रन बनाकर नाबाद रहीं। अंतिम गेंद पर ईस वॉन्ग ने छक्का जड़कर मुंबई को 20 ओवर में 5 विकेट पर 207 रन के विशाल स्कोर तक पहुंचाने में सफल रहीं।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article