नई दिल्ली: 5 अक्टूबर से भारत की मेजबानी में शुरू होने जा रहे 13वें वनडे विश्व कप के लिए पूर्व में घोषित 15 सदस्यीय टीम में अंतिम वक्त में बदलाव करना पड़ा है। एशिया कप के दौरान बांग्लादेश के खिलाफ मुकाबले में चोटिल होने वाले अक्षर पटेल अंतिम 15 में अपनी जगह बना पाने में नाकाम रहे हैं। उनकी जगह अनुभवी ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन की सरप्राइज एंट्री टीम में हुई है।
रविचंद्रन अश्विन
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज में मिला था मौका
अश्विन को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैच की सीरीज के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया था। इंदौर में खेले गए दूसरे वनडे में तीन विकेट चटकाकर अश्विन ने अपनी वनडे फॉर्मेट में फॉर्म और क्षमता दोनों दिखा दी थी। ऐसे में अब उन्हें अक्षर के रिप्लेसमेंट के रूप में विश्व कप की टीम में शामिल कर लिया गया है।
2011 की विश्व विजेता टीम के रहे थे सदस्य
अश्विन की साढ़े छह साल लंबे अंतराल के बाद भारतीय वनडे टीम में वापसी हुई थी। अश्विन ने मोहाली में 47 रन देकर 1 और इंदौर में 41 रन देकर 3 विकेट अपने नाम किए थे। सीरीज में उन्होंने कुल 4 विकेट अपने नाम किए। अश्विन अपनी धारदार गेंदबाजी के बल पर चयनसमिति को प्रभावित करने में सफल रहे। अश्विन साल 2011 में धोनी की कप्तानी में विश्व कप जीतने वाली टीम के भी सदस्य रहे थे। ऐसे में घरेलू सरजमीं पर 12 साल बाद विश्व विजय का सपना देख रही टीम इंडिया में विराट कोहली और रविचंद्रन अश्विन जैसे दो खिलाड़ी पहले से ही विश्व चैंपियन हैं।
वॉशिंगटन सुंदर से थी अश्विन की टक्कर
कुछ इसी अंदाज में साल 2021 में दुबई में भारत की ही मेजबानी में आयोजित टी20 विश्व कप के लिए अंतिम वक्त में अश्विन टीम इंडिया में जगह बना पाने में सफल रहे थे। हालांकि विश्व कप में उनका प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा था और टीम इंडिया सेमीफाइनल में पहुंचने में नाकाम रही थी। ऐसे में अश्विन के टीम में आने से क्या फायदा होगा ये तो वक्त ही बताएगा। अश्विन की टीम में एंट्री के मामले में टक्कर वॉशिंगटन सुंदर से थी जिसमें वो बाजी मारने में सफल रहे हैं।
आईसीसी विश्व कप 2023 के लिए भारतीय टीम:
रोहित शर्मा(कप्तान), शुभमन गिल. विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, ईशान किशन, केएल राहुल, केएल राहुल, हार्दिक पांड्या(उपकप्तान), हार्दिक पांड्या, सूर्यकुमार यादव, रवींद्र जडेजा, रविचंद्रन अश्विन, शार्दुल ठाकुर, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज, कुलदीप यादव।
