Pakistan Womens Cricket Team: महिला T20 विश्व कप के पहले ही दौर से बाहर होने के बाद पाकिस्तान की महिला क्रिकेट टीम और मुख्य कोच वहाब रियाज निशाने पर आ गए हैं। टीम को ग्रुप स्टेज में भारत, बांग्लादेश और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ लगातार तीन हार झेलनी पड़ी। इसके बाद पाकिस्तान का सफर वर्ल्ड कप में खत्म हो गया। हार के बाद अब मैदान के बाहर की गतिविधियों को लेकर टीम की जमकर आलोचना हो रही है। टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों के घूमने-फिरने और डिनर के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए हैं। इन वीडियो के सामने आने के बाद फैंस और पूर्व क्रिकेटरों ने टीम के रवैये पर सवाल खड़े किए हैं।
पाकिस्तान महिला क्रिकेट टीम (X)
क्या है वायरल वीडियो में?
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में टीम की सीनियर खिलाड़ी आलिया रियाज, उनके पति अली यूनिस और बाकी खिलाड़ी एक रेस्त्रां में डिनर करते दिख रहे हैं। अली यूनिस पाकिस्तान के पूर्व कप्तान वकार यूनिस के छोटे भाई हैं। वीडियो सामने आने के बाद लोग पूछ रहे हैं कि जब टीम बड़े टूर्नामेंट में खेल रही थी, तो खिलाड़ी टूर पर ‘तफरीह’ में क्यों व्यस्त थे। पुरुष टीम के पूर्व टेस्ट कप्तान राशिद लतीफ ने टीम के प्रदर्शन पर निराशा जताई है। एक पॉडकास्ट में उन्होंने कहा, “हर कोई महिला क्रिकेट का समर्थन करना चाहता है और करना भी चाहिए। लेकिन पाकिस्तानी महिला क्रिकेट आगे बढ़ ही नहीं रहा है।” राशिद लतीफ ने कहा कि टीम कई साल से इंटरनेशनल क्रिकेट खेल रही है, फिर भी ICC टूर्नामेंटों में प्रदर्शन में कोई सुधार नजर नहीं आता। “ये हैरानी की बात है कि इतने साल बाद भी हम वहीं खड़े हैं,” उन्होंने कहा।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें- प्रेमा रावत को टीम इंडिया में एंट्री के अगले ही दिन प्लेइंग-11 में मिली जगह, साउथ अफ्रीका के खिलाफ किया डेब्यू
‘मानसिक तौर पर मजबूत नहीं है टीम’
महिला टीम के पूर्व कोच और पूर्व टेस्ट क्रिकेटर कबीर खान ने भी टीम की कमजोरी गिनाई। उन्होंने कहा, “इन खिलाड़ियों को किसी सुविधा या इंटरनेशनल एक्सपोजर की कमी नहीं है। PCB उन्हें सब कुछ देता है।” कबीर खान का मानना है कि समस्या मानसिक मजबूती की है। उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि हमारे खिलाड़ी दबाव झेलने के लिए मानसिक रूप से मजबूत नहीं हैं। इस वर्ल्ड कप में ही देख लीजिए, दक्षिण अफ्रीका और बांग्लादेश के खिलाफ कम स्कोर वाले मैच भी हम नहीं जीत पाए।”
