शारजाह: न्यूजीलैंड ने महिला टी20 विश्व कप क्रिकेट टूर्नामेंट के ग्रुप ए में अपने तीसरे मैच में श्रीलंका को आठ विकेट से हराया। श्रीलंका की टीम टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पांच विकेट पर 115 रन ही बना पाई। इसके बाद जीत के लिए मिले 116 रन के लक्ष्य को न्यूजीलैंड की टीम ने 17.3 ओवर में हासिल कर लिया। कीवी टीम की जीत ने टीम इंडिया के लिए मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
तीसरे पायदान पर मजबूत हुआ न्यूजीलैंड
श्रीलंका के खिलाफ जीत के साथ कीवी टीम के खाते में 3 मैच में 2 जीत और एक हार के साथ कुल 4 अंक हो गए हैं। उसका नेट रन रेट अब बढ़कर +0.282 हो गया है। दो जीत के बाद भी कीवी टीम ऑस्ट्रेलिया और भारत के बाद तीसरे पायदान पर है। भारतीय टीम के खाते में 3 मैच में 2 जीत और एक हार के साथ 4 अंक हैं। टीम इंडिया का नेट रन रेट +0.576 है। जो ऑस्ट्रेलिया के नेट रन रेट +2.786 के बाद सबसे ज्यादा है।
भारत के लिए कंगारुओं के खिलाफ करो या मरो का मुकाबला
भारत के लिए ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ रविवार को शारजाह में खेला जाने वाला मुकाबला करो या मरो का हो गया है। भारतीय टीम अगर इस मैच में जीत दर्ज कर लेती है तो सेमीफाइनल का उसका टिकट पक्का हो जाएगा लेकिन फॉर्म में चल रही ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हार से उसकी मुश्किलें बढ़ जाएंगी। बड़े अंतर से हार नेट रन रेट में भी गिरावट ले आएगी जिसका फायदा कीवी टीम को मिल जाएगा।
भारत, पाकिस्तान और न्यूजीलैंड तीनों हैं रेस में
न्यूजीलैंड की टीम का तीसरा और आखिरी मुकाबला भी बचा है जो उसे पाकिस्तान के खिलाफ खेलना है। भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच मुकाबले के परिणाम के बाद न्यूजीलैंड के सामने परिस्थितियां स्पष्ट होंगी। लेकिन पाकिस्तान अगर वो मुकाबला बड़े अंतर से जीत लेती है तो वो भी सेमीफाइनल में पहुंच सकती है। कुल मिलाकर देखें तो भारतीय टीम किंतु-परंतु वाले समीकरणों में उलझ गई है उसे इनसे बचने के लिए ऑस्ट्रेलिया को किसी भी सूरत में मात देने होगी।
