क्रिकेट

Women's ODI World Cup 2025: भारतीय महिला टीम भी पाकिस्तान के खिलाफ जारी रखेगी नो हैंडशेक की नीति, रविवार को है मुकाबला

भारतीय महिला क्रिकेट टीम भी पुरुष टीम की तरह पाकिस्तान के खिलाफ वनडे विश्व कप के कोलंबो में खेले जाने वाले मुकाबले में नो हैंडशेक वाली नीति का पालन करेगी।

Image

भारतीय महिला क्रिकेट टीम

Photo : AP

नई दिल्ली: दुबई में एशिया कप के दौरान भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम द्वारा स्थापित मिसाल के अनुसार ही हरमनप्रीत कौर और उनकी टीम भी पांच अक्टूबर को कोलंबो में होने वाले महिला विश्व कप मुकाबले के दौरान पाकिस्तान की खिलाड़ियों से हाथ मिलाने की परंपरा नहीं अपनाएगी। भारत-पाक क्रिकेट संबंध सबसे खराब दौर से गुजर रहे हैं। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) प्रमुख मोहसिन नकवी के दुबई में सूर्यकुमार यादव को विजेता ट्रॉफी नहीं सौंपने से तनाव और बढ़ गया। इससे पहले भारतीय पुरुष टीम ने पाकिस्तानी प्रतिनिधि से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया था।

बीसीसीआई के एक सीनियर सूत्र ने गोपनीयता की शर्त पर पीटीआई को बताया,'बीसीसीआई सरकार के अनुसार काम करेगा और टॉस के समय हाथ मिलाने की कोई परंपरा नहीं होगी, मैच रेफरी के साथ कोई फोटोशूट नहीं होगा और खेल के अंत में कोई हाथ मिलाने की नीति नहीं होगी। पुरुषों द्वारा अपनाई गई नीति का पालन महिला टीम भी करेगी।'

कोलंबो में टॉस कौन करेगा, इस पर भी नजरें लगी होंगी। उम्मीद है कि यह किसी तटस्थ देश के पूर्व खिलाड़ी या विशेषज्ञ द्वारा किया जाएगा। यह माहौल न्यूजीलैंड में हुए 2022 वनडे विश्व कप से बिल्कुल अलग होगा जहां भारतीय खिलाड़ियों द्वारा बिस्माह मारूफ की बेटी को प्यार करने की तस्वीरें वायरल हुई थीं। इस बार हरमनप्रीत कौर और पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना के बीच सामान्य बातचीत भी होने की संभावना नहीं है।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article