सूर्य कुमार यादव की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने अभिषेक शर्मा की आतिशी बल्लेबाजी और कुलदीप यादव की शानदार गेंदबाजी की बदौलत एशिया कप 2025 के सुपर फोर राउंड के अपने दूसरे मुकाबले में 41 रन के अंतर से जीत दर्ज करके फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। भारत ने मैच में टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए अभिषेक शर्मा की 37 गेंद में 75 रन की आतिशी पारी की बदौलत 20 ओवर में 6 विकेट पर 168 रन का स्कोर खड़ा किया था। जिसके जवाब में बांग्लादेश की टीम सैफ हुसैन की 51 गेंद में 69 रन की पारी की बदौलत 19.3 ओवर में 127 रन बना सकी और 41 रन के अंतर से मैच गंवा दिया। जानिए कैसा रहा भारत-बांग्लादेश के बीच मुकाबले के पल पल का हाल।
भारत बनाम बांग्लादेश, एशिया कप 2025, कल का मैच कौन जीता
बांग्लादेश ने जीता टॉस:
भारत के खिलाफ एशिया कप 2025 के सुपर फोर राउंड के मुकाबले में बांग्लादेश के कार्यवाहक कप्तान जाकिर अली ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया।
भारत की शानदार शुरुआत
अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल की सलामी जोड़ी ने भारत को शानदार शुरुआत बांग्लादेश के खिलाफ दी। दोनों पहले दो ओवर में केवल 10 रन जोड़े लेकिन इसके बाद तेजी दिखाते हुए टीम को 5 ओवर में 50 रन के पार पहुंचा दिया। पहले विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी में अभिषेक ने 30 और गिल ने 24 रन का योगदान दिया। भारतीय टीम ने पॉवरप्ले में 72 रन बगैर किसी नुकसान के बना लिए थे।
शुभमन फिर नहीं खेल पाए बड़ी पारी
पॉवरप्ले के खत्म होते ही भारतीय टीम को पहला झटका सातवें ओवर की दूसरी गेंद पर शुभमन गिल के रूप में लगा। 77 के स्कोर पर गिल रिशाद हुसैन की गेंद पर तंजीम हसन साकिब के हाथों लपके गए। उन्होंने 29(19) रन क पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 2 चौके और एक छक्का जड़ा। गिल के आउट होने के बाद बल्लेबाजी करने शिवम दुबे उतरे लेकिन टीम इंडिया का ये दांव खाली चला गया। दुबे 2(3) रन बनाकर रिशाद का दूसरा शिकार बने। भारतीय टीम ने 83 के स्कोर पर दूसरा विकेट गंवाया।
अभिषेक ने जड़ा अर्धशतक
अभिषेक शर्मा ने अपने शानदार फॉर्म को जारी रखते हुए आठवें ओवर में शिवम दुबे के आउट होने से पहले टूर्नामेंट में अपना लगातार दूसरा अर्धशतक 25 गेंद में 5 चौके और 3 छक्के की मदद से पूरा कर लिया। उनका साथ देने कप्तान सूर्यकुमार यादव आए। भारतीय टीम ने 10 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर 96 रन बना लिए थे। 11वें ओवर की पहली गेंद पर दोनों ने मिलकर भारत को 100 रन के पार पहुंचा दिया।
रन आउट हुए अभिषेक शर्मा
आतिशी बल्लेबाजी कर रहे अभिषेक शर्मा पारी के 12वें ओवर की पहली गेंद पर रन आउट हो गए। उन्होंने 37 गेंद में 75 रन बनाए। उनके आउट होते ही भारतीय टीम की रन बनाने की रफ्तार पर रोक लग गई और विकेटों की झड़ी लग गई। दो रन बना कप्तान सूर्यकुमार यादव मुस्तफिजुर रहमान की गेंद पर विकेट के पीछे जाकिर अली के हाथों लपके गए। फैसले के लिए तीसरे अंपायर की मदद लेनी पड़ी। सूर्या ने 5(11) रन बनाए। सूर्या के आउट होने के बाद हार्दिक पांड्या और तिलक वर्मा ने मोर्चा संभाला। दोनों स्कोर को 129 रन तक ले गए। कोई भी बल्लेबाज खुल कर रन नहीं बना पा रहा था इस दबाव में तिलक वर्मा तंजीम हसन साकिब की गेंद पर सैफ हसन के हाथों कैच दे बैठे। वो 5(7) रन बना सके।
टीम इंडिया ने 129 रन पर गंवाए 5 विकेट
भारतीय टीम ने 14.3 ओवर में 129 के स्कोर पर 5 विकेट गंवा दिए थे। ऐसे में हार्दिक पांड्या और अक्षर पटेल ने पारी को आगे बढ़ाया और स्कोर को किसी तरह 168 रन तक ले गए। भारतीय टीम 20 ओवर में 6 विकेट पर 168 रन बना सकी। पारी की आखिरी गेंद पर हार्दिक पांड्या मोहम्मद सैफुद्दीन की गेंद पर तंजीद हसन के हाथों लपके गए। उन्होंने 38(29) रन बनाए। अक्षर पटेल 10(15) रन बनाकर नाबाद रहे। बांग्लादेश के लिए सबसे ज्यादा 2 विकेट रिशाद हुसैन ने लिए। एक-एक सफलता तंजीम हसन साकिब, मुस्तफिजुर रहमान और मोहम्मद सैफुद्दीन के खाते में गए।
बांग्लादेश की खराब शुरुआत
जीत के लिए 169 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश की टीम के लिए पारी की शुरुआत करने सैफ हसन और तंजी हसन की जोड़ी उतरी। लेकिन दूसरे ओवर की दूसरी गेंद पर जसप्रीत बुमराह ने तंजीद हसन को शिवम दुबे के हाथों कैच कराकर पवेलियन वापस भेज दिया। तंजीद 1(3) रन बना सके। चार रन के स्कोर पर बांग्लादेश को पहला झटका लगा।
कुलदीप ने तोड़ी हुसैन-इमोन की साझेदारी
पहला विकेट जल्दी गंवाने के बाद बांग्लादेश की पारी को सैफ हसन और परवेज हुसैन इमोन ने आगे बढ़ाया। दोनों ने जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पांड्या का डटकर सामना किया और पॉवरप्ले में टीम को 1 विकेट पर 44 रन तक पहुंचा दिया। दोनों बल्लेबाज भारतीय गेंदबाजों के खिलाफ स्वीप शॉट का इस्तेमाल करके रन बना रहे थे। लेकिन कुलदीप यादव ने सातवें ओवर की दूसरी गेंद पर स्वीप शॉट पर ही अपनी फिरकी में इमोन को फांसकर पवेलियन वापस भेज दिया। इमोन 21(19) रन बनाकर अभिषेक शर्मा के हाथों लपके गए। 46 के स्कोर पर बांग्लादेश को दूसरा झटका लगा।
तौहीद बने अक्षर का, शमीम बने चक्रवर्ती का शिकार
इमोन के आउट होने के बाद सैफ हसन और तौहीद हृदोय ने पारी को आगे बढ़ाया और टीम को 7.1 ओवर में 50 रन के पार पहुंचा दिया। दोनों स्कोर को 65 रन तक ले गए लेकिन तौहीद हृदोय को अक्षर पटेल ने अभिषेक शर्मा के हाथों कैच कराकर बांग्लादेश को तीसरा झटका दिया। हृदोय 7 रन बना सके। उनके आउट होने के बाद एक छोर थामे खड़े सैफ हसन का साथ देने शमीम हुसैन उतरे। लेकिन वो भी ज्यादा देर तक पिच पर नहीं टिक सके हुसैन को वरुण चक्रवर्ती ने बोल्ड करके बांग्लादेश को चौथा झटका दिया।
87 रन पर पवेलियन लौटी बांग्लादेश की आधी टीम
74 रन पर 4 विकेट बांग्लादेश ने गंवा दिए थे। हसन एक छोर पर खड़े विकेटों की झड़ी लगती देख रहे थे। ऐसे में उनका साथ देने कप्तान जाकिर अली आए लेकिन 13वें ओवर की तीसरी गेंद पर कुलदीप यादव के सटीक थ्रो ने उनकी पारी का अंत कर दिया। जाकिर 4(5) रन बना सके। 87 रन पर बांग्लादेश की आधी टीम पवेलियन लौट गई थी।
सैफ हसन ने जड़ा 37 गेंद में अर्धशतक
पांच विकेट गंवाने के बाद सैफ हसन ने अपना अर्धशतक 37 गेंद में अक्षर पटेल की गेंद पर छक्का जड़कर पूरा किया। इसके बाद उन्होंने एक और छक्का अक्षर की गेंद पर जड़ दिया और बांग्लादेश को 100 रन के पार 13.4 ओवर में पहुंचा दिया। जीत के लिए बांग्लादेश को 38 गेंद नें 69 रन और बनाने थे। जब तक सैफ पिच पर थे तब तक बांग्लादेश की जीत की आशाएं भी जीवित थीं। 109 के स्कोर पर वरुण की गेंद पर मोहम्मद सैफुद्दीन तिलक वर्मा के हाथों लपके गए ये बांग्लादेश को लगा छठा झटका था। उन्होंने 4(7) रन बनाए।
कुलदीप ने दिए दोहरे झटके
सैफुद्दीन के आउट होने के बाद बल्लेबाजी करने आए रिशाद हुसैन और तंजीम हसन साकिब को 17वें ओवर की पहली और दूसरी गेंद पर आउट करके पवेलियन वापस भेज दिया और हैट्रिक पर आ गए। रिशाद हुसैन(2) तिलक वर्मा के हाथों लपके गए और तंजीम हसन साकिब बोल्ड हो गए। वो अपना खाता भी नहीं खोल सके।
बुमराह ने खत्म की सैफ हसन का पारी
किस्मत के घोड़े पर सवार होकर बल्लेबाजी कर रहे सैफ हसन को चार जीवनदान मिले ऐसे में उनकी पारी का अंत जसप्रीत बुमराह ने 18वें ओवर की दूसरी गेंद पर किया। बुमराह की गेंद पर छक्का जड़ने की कोशिश में हसन बाउंड्री पर शानदार तरीके से अक्षर पटेल के हाथों लपके गए। फील्ड अंपायर को उन्हें पवेलियन वापस भेजने के लिए तीसरे अंपायर की मदद लेनी पड़ी। हसन ने 51 गेंद में 69 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में 3 चौके और 5 छक्के जड़े। उन्हें दूसरे छोर से किसी खिलाड़ी का साथ नहीं मिला। वो आउट होने वाले नौवें बांग्लादेशी बल्लेबाज थे। इसके बाद अंतिम ओवर में गेंदबाजी करने आए तिलक वर्मा ने मुस्तफिजुर रहमान को कैच कराकर बांग्लादेश की पारी का अंत 19.3 ओवर में 127 रन पर कर दिया। रहमान 6 रन बनाकर आउट हुए। वहीं नसुम अहमद 4 रन बनाकर नाबाद रहे।
कुलदीप रहे भारत के सबसे सफल गेंदबा
बांग्लादेश के खिलाफ सुपर फोर के मुकाबले में भारत के लिए सबसे सफल गेंदबाज कुलदीप यादव रहे। उन्होंने 4 ओवर में 18 रन देकर 3 विकेट चटकाए। वहीं 2-2 सफलता जसप्रीत बुमराह और वरुण चक्रवर्ती के हाथ लगी। एक-एक विकेट अक्षर पटेल और तिलक वर्मा के खाते में गया।
अभिषेक बने प्लेयर ऑफ द मैच
अभिषेक शर्मा को उनकी 37 गेंद में 75 रन की आतिशी पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
