फैंस अपनी कुर्सियों की पेटी बांध लें क्योंकि, जिस पल का एक महीने से इंतजार था। आज वो दिन आ गया है। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत और न्यूजीलैंड के बीच रोमांचक फाइनल मुकाबला खेला जाएगा।
भारत-न्यूजीलैंड फाइनल पर बड़ी भविष्यवाणियां।
फाइनल मुकाबले से पहले क्रिकेट के दिग्गजों ने बड़ी भविष्यवाणी की है। इसमें भारत से लेकर ऑस्ट्रेलिया, पाकिस्तान के दिग्गज खिलाड़ी शामिल हैं। वहीं, एबी डिविलियर्स ने भी अपने विचार रखें हैं।
दिग्गजों की भविष्यवाणी
गावस्कर ने मीडिया से बात करते हुए भारतीय फैंस से एक भावुक अपील की। उन्होंने कहा, न्यूजीलैंड ने शानदार क्रिकेट खेला है, लेकिन भारत ने भी करीबी मुकाबलों में अपना धैर्य नहीं खोया। मैं उम्मीद करता हूं कि आप सभी भारत के लिए इतिहास दोहराने और पुराने कड़वे इतिहास को हराने की प्रार्थना कर रहे होंगे।
सौरभ गांगुली ने दिया बड़ा बयान
वहीं, मीडिया से बात करते हुए भारतीय टीम के पूर्व कप्तान और दिग्गज खिलाड़ी सौरभ गांगुली ने कहा, 'टीम इंडिया टी20 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम करेगी। टीम इंडिया एक बहुत मजबूत टीम है।'
माइकल क्लार्क ने बुमराह को बताया एक्स फैक्टर
ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान माइकल क्लार्क ने बियॉन्ड23 क्रिकेट पॉडकास्ट पर बातचीत करते हुए कहा, बुमराह के पास कई तरह की गेंदें हैं, लेकिन उनकी सबसे बड़ी ताकत दबाव में सटीक तरीके से उन्हें लागू करना है। बुमराह मौजूदा समय में दुनिया के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजों में शामिल हैं और भारत के लिए निर्णायक खिलाड़ी साबित होते हैं।
डिविलियर्स को उलटफेर की आशंका
एबी डिविलियर्स ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, ईमानदारी से कहूं तो न्यूजीलैंड के पास जीतने का केवल 10 से 20 प्रतिशत ही मौका है। भारत को हराने के लिए उन्हें अपने जीवन का सबसे बेहतरीन क्रिकेट खेलना होगा। अगर भारत हारता है तो यह एक बहुत बड़ा उलटफेर होगा।
शोएब अख्तर की दोहरी बात
पाकिस्तान के महान तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने फाइनल से पहले कहा, मुझे लगता है कि न्यूजीलैंड भारत के सामने दबाव में आ सकता है, लेकिन भारत पर 1.5 अरब लोगों का दबाव भी है। वे पहले ही अहमदाबाद में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ विश्व कप फाइनल का एक मैच हार चुके हैं। मुझे लगता है कि इन सबमें भारत ही विजेता होगा, लेकिन क्रिकेट के लिहाज से अब न्यूजीलैंड के लिए यह विश्व कप जीतना बेहद जरूरी है।
