Who is Matt Renshaw: ऑस्ट्रेलिया ने भारत के खिलाफ होने वाली वनडे और टी20 सीरीज (शुरुआती दो मैचों) के लिए अपनी टीम की घोषणा कर दी है। इस टीम में लिस्ट-ए क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करने वाले मैट रेनशॉ को पहली बार वनडे टीम में मौका मिला है। उनके प्रदर्शन को देखते हुए चयनकर्ताओं ने उन पर भरोसा जताया है।
लिस्ट-ए क्रिकेट में रेनशॉ का शानदार प्रदर्शन
मैट रेनशॉ ने हाल ही में ऑस्ट्रेलिया ए टीम की ओर से खेलते हुए श्रीलंका ए के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने बतौर कप्तान 80, 106 और 62 रनों की बेहतरीन पारियां खेलीं। रेनशॉ आमतौर पर 50 ओवरों के फॉर्मेट में नंबर-3 या 4 पर बल्लेबाजी करते हैं।
29 वर्षीय बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने साल 2016 में टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू किया था। अब तक वे 14 टेस्ट मुकाबले खेल चुके हैं, जिनमें उन्होंने 29.31 की औसत से 645 रन बनाए हैं। उनके नाम एक शतक और तीन अर्धशतक दर्ज हैं।
फर्स्ट क्लास और लिस्ट-ए क्रिकेट में शानदार रिकॉर्ड
मैट रेनशॉ का घरेलू क्रिकेट में रिकॉर्ड बेहद शानदार रहा है। उन्होंने अब तक 126 फर्स्ट क्लास मैचों में 37.28 की औसत से 7,681 रन बनाए हैं, जिसमें 23 शतक और 23 अर्धशतक शामिल हैं। वहीं 76 लिस्ट-ए मुकाबलों में उन्होंने 41.13 की औसत से 2,756 रन जुटाए हैं।उनकी निरंतरता और फॉर्म ने चयनकर्ताओं को प्रभावित किया है, जिसके चलते अब उन्हें भारत के खिलाफ वनडे डेब्यू करने का सुनहरा मौका मिल सकता है।
मिचेल स्टार्क की वनडे टीम में वापसी
इस टीम में सबसे बड़ा आकर्षण है तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क की वापसी। स्टार्क नवंबर 2024 के बाद पहली बार वनडे मैच खेलने के लिए तैयार हैं। उनकी वापसी से ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजी आक्रमण को मजबूती मिलेगी।
भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया: मुकाबलों का शेड्यूल
वनडे सीरीज के बाद खेली जाएगी पांच मैचों की टी20 सीरीज
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन वनडे मुकाबले खेले जाएंगे, जिनकी तारीखें इस प्रकार हैं —
-19 अक्टूबर, 23 अक्टूबर और 25 अक्टूबर (वनडे)
इसके बाद दोनों देशों के बीच पांच टी20 मैच खेले जाएंगे —
- 29 अक्टूबर, 31 अक्टूबर, 2 नवंबर, 6 नवंबर और 8 नवंबर (टी20)
भारत के खिलाफ ऑस्ट्रेलियाई वनडे टीम
मिचेल मार्श (कप्तान), जेवियर बार्टलेट, एलेक्स कैरी, कूपर कोनोली, बेन ड्वार्शिस, नाथन एलिस, कैमरून ग्रीन, जोश हेजलवुड, ट्रेविस हेड, जोश इंगलिस, मिचेल ओवेन, मैथ्यू रेनशॉ, मैथ्यू शॉर्ट, मिचेल स्टार्क और एडम जांपा।
शुरुआती दो टी20 मैचों के लिए ऑस्ट्रेलियाई टीम
मिचेल मार्श (कप्तान), सीन एबॉट, जेवियर बार्टलेट, टिम डेविड, बेन ड्वार्शिस, नाथन एलिस, जोश हेजलवुड, ट्रेविस हेड, जोश इंगलिस, मैथ्यू कुहनेमन, मिचेल ओवेन, मैथ्यू शॉर्ट, मार्कस स्टोइनिस और एडम जांपा।
(IANS)
