जब शशि थरूर से बोले गंभीर- 'संजू सैमसन को अगला धोनी बनने की जरूरत नहीं, वह खुद में है खास'

संजू सैमसन ने T20 वर्ल्डकप 2026 के सेमीफाइनल और फाइनल दोनों मैचों में 89-89 रन की पारी खेली थी। वहीं वेस्टइंडीज के खिलाफ बेहद ही जरूरी मैच में उन्होंने नाबाद 97 रनों की पारी खेलकर भारतीय टीम को जीत दिलाई थी।

भारतीय क्रिकेट कोच गौतम गंभीर ने एक बार कांग्रेस सांसद शशि थरूर से संजू सैमसन के बारे में बात करते हुए कहा था कि इस खिलाड़ी को अगला महेंद्र सिंह धोनी बनने की जरूरत नहीं है क्योंकि वह ’खुद में खास और एकमात्र संजू सैमसन’ होगा। थरूर ने अपनी पूर्व की टिप्पणी का जिक्र करते हुए यह बात कही जिसमें उन्होंने कहा था कि सैमसन अगला धोनी बनेगा। थरूर ने पीटीआई से बातचीत में गंभीर के साथ हुई इस बातचीत को याद किया और हाल में भारत के लगातार टी20 विश्व कप चैंपियन बनने के दौरान सैमसन के शानदार प्रदर्शन की भी तारीफ की।

Gautam Gambhir Shashi Tharoor

गौतम गंभीर ने शशि थरूर से कही थी संजू के लिए बात (फोटो साभार- BCCI/PTI)

'सैमसन की क्रिकेट उपलब्धियों पर महसूस होता है गर्व'

क्लब क्रिकेटर के तौर पर करियर की शुरुआत से ही सैमसन का समर्थन करते आ रहे थरूर ने कहा कि उन्हें इस क्रिकेटर की उपलब्धियों पर फक्र महसूस होता है। उन्होंने कहा, 'मैं असल में उससे तब मिला था जब वह 14 साल का था, वह एक युवा क्लब क्रिकेटर था। वह देखने में भले ही दुबला-पतला लगता था, लेकिन उसका शरीर काफी गठीला था। उसमें जबरदस्त प्रतिभा थी। वह उस समय से ही विकेटकीपिंग और बल्लेबाजी दोनों कर रहा था।' थरूर ने कहा, 'मैंने उससे कहा था कि वह अगला धोनी बनेगा। वर्षों बाद जब मैंने उस टिप्पणी की बात की तो मेरे दोस्त गौतम गंभीर ने कहा, ’नहीं, नहीं, उसे अगला धोनी बनने की जरूरत नहीं है, वह खुद में खास, बस संजू सैमसन होगा।’ और वह बिल्कुल वैसा ही साबित हुआ है।'

End of Feed