क्रिकेट

Shannon Gabriel Retirement: वेस्टइंडीज के तेज गेंदबाज शैनन गेब्रियल ने इंटरनेशनल क्रिकेट को कहा अलविदा, जानिए कैसा रहा उनका प्रदर्शन

Shannon Gabriel Retirement: वेस्टइंडीज के तेज गेंदबाज शैनन गेब्रियल ने इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह दिया। गेब्रियल ने अपने संन्यास की जानकारी बुधवार को अपने सोशल मीडिया के जरिए शेयर की। उन्होंने आखिरी बार जुलाई 2023 में वेस्टइंडीज का प्रतिनिधित्व किया था।

Image

शैनन गेब्रियल। (फोटो- Johns. X)

Photo : Twitter

Shannon Gabriel Retirement: वेस्टइंडीज के तेज गेंदबाज शैनन गेब्रियल ने अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर दी है। 2012 में अपने करियर का आगाज करने वाले गेब्रियल ने 59 टेस्ट, 25 वनडे और दो टी20 में वेस्ट इंडीज का प्रतिनिधित्व किया था और इस दौरान उनके नाम 202 अंतर्राष्ट्रीय विकेट हैं। गेब्रियल ने संन्यास की जानकारी बुधवार को अपने इंस्टाग्राम हैंडल के जरिये दी। उन्होंने कहा, "पिछले 12 सालों से मैंने खुद को अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट के लिए समर्पित कर दिया था और इस दौरान क्रिकेट के सर्वोच्च स्तर पर खेलना मेरे लिए सबसे बेहतरीन था। अपने पसंदीदा खेल में वेस्ट इंडीज का प्रतिनिधित्व करना मुझे बहुत ख़ुशी देता है। लेकिन जैसा कहा जाता है कि हर चीज का अंत आता है, लिहाजा आज मैं भी अपने अंतर्राष्ट्रीय करियर से संन्यास ले रहा हूं।"

शैनन गेब्रियल ने संन्यास की घोषणा के बाद कहा, "सबसे पहले मैं भगवान का शुक्रिया अदा करना चाहता हूं और साथ ही अपने परिवार का भी शुक्रगुजार हूं जिसने इस दौरान मेरा हर कदम पर साथ दिया। इसके अलावा मैं क्रिकेट वेस्ट इंडीज , मेरे कोच और सभी स्टाफ़ का भी आभारी हूं। शब्दों में मैं उनके योगदान को नहीं समेट सकता जिन्होंने सालों तक मेरा साथ दिया। अंत में मैं अपने उन सहयोगियों को भी धन्यवाद देना चाहूंगा जो हर पल मेरे साथ थे और उन्होंने मेरे इस सफर को यादगार बनाया। मैं ये भी कहना चाहूंगा कि आगे मैं अपने देश (त्रिनिदाद और टोबैगो), क्लब और दुनिया भर की फ्रेंचाइजी टीम के लिए उसी प्यार और समर्पण के साथ खेलना जारी रखूंगा जैसे अपने पूरे करियर में करता आया हूं।"

गेब्रियल को टेस्ट में कामयाबी उनकी लंबाई और ताकत ने दिलाई , अक्सर बेजान पिचों पर भी गेब्रियल खासा प्रभावशाली हुआ करते थे। उनके नाम पर संन्यास की घोषणा के बाद वेस्ट इंडीज के लिए चौथा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दर्ज है। श्रीलंका के खिलाफ घरेलू धरती पर उन्होंने 121 रन देकर टेस्ट मैच में 13 विकेट झटके थे। ये कारनामा उन्होंने जून 2018 में किया था।

उनकी रफ्तार और उछाल ऐसी थी किवेस्ट इंडीज के दिग्गज तेज गेंदबाज कर्टनी वॉल्श ने उनकी तुलना पैट्रिक पैटरसन और इयान बिशप से की थी। हालांकि क़ुदरती तौर पर मिले इस तोहफ़े को उन्हें निरंतरता के साथ मैदान पर प्रभाव डालने में थोड़ा समय लगा। आखिरकार 2017 से वह टीम के नियमित सदस्य हो गए और उस टीम का भी हिस्सा रहे जिसने इंग्लैंड के खिलाफ हेडिंग्ले में ऐतिहासिक जीत हासिल की थी।

गेब्रियल के टेस्ट करियर का एक और न भूलने वाला पल उनके बल्ले से भी आया था, जब डॉमिनिका में पाकिस्तान के खिलाफ वेस्ट इंडीज के नौ विकेट गिर गए थे। टेस्ट और साथ ही साथ सीरीज ड्रॉ कराने के लिए सात गेंदें बची थी। लेकिन वह बड़ा शॉट खेलने गए और बोल्ड हो गए। ये बस उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच मिलने के 10 दिन बाद ही हुआ था, जब उन्होंने दूसरे टेस्ट में पाकिस्तान के खिलाफ वेस्ट इंडीज को जीत दिलाई थी।

गेब्रियल को 2019 में मुश्किलों का भी सामना करना पड़ा जब उन्हें चार वनडे के लिए प्रतिबंधित कर दिया गया था। उन्होंने जो रूट के ऊपर आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी थी। हालांकि उन्होंने इसे स्वीकार भी किया था और अपने इस आचरण के लिए माफी भी मांगी थी। उन्होंने कहा था कि ये ऐसी घटना थी जो आवेश में आकर हो गई थी। गेब्रियल ने आखिरी बार जुलाई 2023 में वेस्टइंडीज का प्रतिनिधित्व किया था, लेकिन तब से वह घरेलू क्रिकेट में सक्रिय हैं, त्रिनिदाद और टोबैगो के लिए खेल रहे हैं। पिछले साल वह अबू धाबी टी10 का भी हिस्सा थे।

(आईएएनएस)

Shekhar Jha
शेखर झाauthor

शेखर झा टाइम्स नाउ हिंदी (Timesnowhindi.com) की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। वे मूल रूप से बिहार के मिथिलांचल से हैं। मूल रूप से बिहार के मधुबनी के रहने वाले शेखर ने शौकिया तौर पर साल 2011 में पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा। ये शौक वक्त के साथ जूनुन में बदल गया। उनके पास खेल पत्रकारिता का 12 साल का अनुभव है। क्रिकेट के अलावा टेनिस, कबड्डी और बैडमिंटन में खास रुचि है। खिलाड़ियों की बायोग्राफी पढ़ना उन्हें पसंद हैं। शेखर ने सुरेश रैना, संजय बांगड़, दीप्ति शर्मा, राधा यादव जैसे नामचीन भारतीय क्रिकेटरों सहित बैडमिंटन के स्टार भारतीय खिलाड़ियों लक्ष्य सेन, सात्विकसाईराज रैंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू किए हैं। शेखर की प्रारंभिक शिक्षा बिहार में हुई। बिहार बोर्ड से 12वीं की परीक्षा पास करने के बाद वो आगे की पढ़ाई के लिए छत्तीसगढ़ पहुंचे जहां उनका पत्रकारिता से पहला परिचय हुआ। रायपुर के अग्रसेन कॉलेज में ग्रेजुएशन करते हुए पत्रकारिता का काम शुरू किया और इसके बाद रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्धालय से पत्राकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन किया और बतौर प्रोफेशनल अपने करियर की शुरुआत की। शेखर ने पत्रकारिता करियर की शुरुआत साल 2011 में ईटीवी छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश के साथ की। इस संस्थान में 6 महीने काम करने के बाद उन्होंने स्थानीय अखबार नेशनल लुक के साथ प्रिंट मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका समूह के छत्तीसगढ़ संस्करण से जुड़े और वहां तीन साल तक बतौर सब-एडिटर/रिपोर्टर सेवाएं दीं। इसके बाद भारत के सबसे बड़े प्रिंट मीडिया समूह दैनिक भास्कर के डीबी स्टार में रिपोर्टर की भूमिका अदा की और कई बड़े खुलासे स्थानीय स्तर पर किए। इसके बाद अपमे गृह राज्य बिहार की राजधानी पटना में दैनिक जागरण समूह के आईनेक्स्ट वेंचर से जुड़े। 8 महीने के छोटे कार्यकाल के बाद दैनिक भास्कर के रायपुर संस्करण में बतौर रिपोर्टर वापसी हुई। रायपुर में दूसरी पारी के तीन साल के कार्यकाल के सफल निर्वहन के बाद मैनेजमेंट ने भास्कर के भोपाल स्थित नेशनल न्यूजरूम में ट्रांसफर कर दिया। जहां 17 महीने स्पोर्ट्स डेस्क पर बड़े इवेंट्स पर काम किया। इस दौरान इंडियन प्रीमियर लीग, टोक्यो ओलंपिक जैसे बड़े खेल आयोजन का व्यापक कवरेज किया। भास्कर के नेशनल न्यूज रूम में डिजिटल जर्नलिज्म का ककहरा सीखने के बाद फरवरी,2023 में टाइम्स ग्रुप के साथ जुड़ने का मौका मिला। तब से वह टाइम्स नाउ नवभारत की हिंदी वेबसाइट की स्पोर्ट्स डेस्क पर बतौर प्रिंसिपल कॉरस्पान्डन्ट कार्यरत हैं। इस दौरान शेखर ने इंडियन प्रीमियर लीग, आईसीसी वर्ल्ड कप 2023 को कवर किया।

और पढ़ें
End of Article