बारबाडोस: भारत और वेस्टइंडीज के बीच बारबाडोस में गुरुवार को शुरू हुई वनडे सीरीज के पहले मुकाबले में मेजबान टीम का हाल बेहाल हो गया। टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज की टीम का हाल भारतीय गेंदबाजों के आगे बेहाल हो गया। पूरी टीम 23 ओवर में महज 114 रन बनाकर ढेर हो गई। कप्तान शाई होप के अलावा और कोई कैरेबियाई बल्लेबाज पिच पर पैर नहीं जमा सका। होप ने 43 रन बनाए।
भारत बनाम वेस्टइंडीज पहला वनडे
फिरकी में फंसे कैरेबियाई बल्लेबाज
कैरेबियाई बल्लेबाजों को रवींद्र जडेजा और कुलदीप यादव ने अपनी फिरकी पर नचा दिया। चेज गेंदबाजों ने शुरुआती तीन विकेट 45 रन के स्कोर तक चटका लिए थे। उसके बाद गेंदबाजी करने आए रवींद्र जडेजा और कुलदीप यादव की जोड़ी ने ऐसी गेंदबाजी की कि निचले क्रम के 6 बल्लेबाज दो अंक के आंकड़े को भी नहीं छू सके।
जडेजा कुलदीप ने चटकाए 7 विकेट
रवींद्र जडेजा ने 6 ओवर में 37 रन देकर 3 विकेट चटकाए। वहीं कुलदीप यादव उनसे एक कदम और आगे निकल गए। उन्होंने 3 ओवर में 6 रन देकर विकेटों का चौका जड़ दिया। कुलदीप ने 3 में से 2 ओवर मेडन डाले। उनकी फिरकी का कैरेबियाई बल्लेबाजों के पास कोई तोड़ नहीं था। कुलदीप ने कप्तान शाई होप का अहम विकेट भी चटकाया।
टूटा 26 साल पुराना रिकॉर्ड
वेस्टइंडीज का 114 रन का स्कोर भारत के खिलाफ वनडे में दूसरा और घरेलू सरजमीं पर सबसे कम स्कोर है। इससे पहले विंडीज की टीम विशाखापट्टनम में भारत के खिलाफ 104 रन पर ढेर हो गई थी। वहीं साल 1997 में पोर्ट ऑफ स्पेन में 121 रन पर सिमट गई थी। वेस्टइंडीज ने इसके साथ ही घरेलू सरजमीं पर भारत के खिलाफ वनडे में शर्मनाक बल्लेबाजी का अपना 26 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया है।
