भारतीय दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली जब रविवार को तिरुवनंतपुरम में वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले वनडे में उतरेंगे तो उनके सामने सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ने का मौका होगा। वनडे क्रिकेट में विराट फिलहाल सचिन तेंदुलकर (18,426 रन) के बाद भारत के लिए दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं। वह 15,000 वनडे रन बनाने वाले दूसरे भारतीय और कुल मिलाकर दूसरे खिलाड़ी बनने से सिर्फ 59 रन दूर हैं। उन्होंने 314 मैचों और 302 पारियों में 58.59 के औसत से 14,941 रन बनाए हैं, जिनमें 54 शतक और 79 अर्धशतक शामिल हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 183 है।
विराट कोहली (साभार-x)
वेस्टइंडीज के खिलाफ विराट का रिकॉर्ड
वेस्टइंडीज के खिलाफ भी विराट का रिकॉर्ड शानदार रहा है। उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ 43 मैचों में 41 पारियों में 66.50 के औसत से 2,261 रन बनाए हैं, जिनमें नौ शतक और 11 अर्धशतक शामिल हैं। वेस्टइंडीज के खिलाफ मात्र 41 पारियों में नौ शतक लगा चुके विराट कोहली से तिरुवनंतपुरम में भी बड़ी पारी की उम्मीद है। यह मैदान विराट के लिए लकी रहा है जहां वह अब तक आउट नहीं हुए हैं।
सचिन के रिकॉर्ड से दो कदम दूर विराट
लिस्ट ए में सर्वाधिक शतक की बात करें तो वह सचिन के 60 लिस्ट-ए शतकों के रिकॉर्ड को तोड़ने की दहलीज पर है। 59 शतक लगा चुके विराट को अब केवल दो शतक की दरकार है। इसके अलावा घरेलू मैदान पर 41 अंतरराष्ट्रीय शतकों के साथ, विराट कोहली घरेलू मैदान पर सचिन के 42 शतकों के सर्वकालिक रिकॉर्ड को तोड़ने से सिर्फ दो शतक दूर हैं। विराट कोहली घरेलू मैदान पर वनडे में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में सचिन के एक और रिकॉर्ड (164 मैचों में सचिन द्वारा बनाए गए 6,976 रन) को तोड़ने से सिर्फ 110 रन दूर हैं। फिलहाल, विराट कोहली ने 130 मैचों और 127 पारियों में 62.42 के औसत से 6,867 रन बनाए हैं, जिनमें 27 शतक और 36 अर्धशतक शामिल हैं। इस साल छह पारियों में विराट ने 64.00 के औसत और 106 से अधिक के स्ट्राइक रेट से 384 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक और तीन अर्धशतक शामिल हैं।
