Irani Cup: शेष भारत को मात देकर रणजी चैंपियन विदर्भ ने किया ईरानी कप पर कब्जा, हर्ष दुबे और यश ठाकुर ने लिखी जीत की इबारत

रणजी चैंपियन विदर्भ ने शेष भारत को 93 रन के अंतर से पटखनी देकर ईरानी कप पर तीसरी बार कब्जा कर लिया है। यश ढुल ने शेष भारत को जीत दिलाने की पुरजोर कोशिश की लेकिन यश ठाकुर और हर्ष दुबे ने उनकी मेहनत पर पानी फेर दिया।

नागपुर: यश ढुल की 92 रन की शानदार पारी के बावजूद शेष भारत की टीम को ईरानी कप फाइनल में विदर्भ से रविवार को मैच के पांचवें दिन 93 रन की हार का सामना करना पड़ा। बायें हाथ के स्पिनर हर्ष दुबे (73 रन पर चार विकेट) और तेज गेंदबाज यश ठाकुर (47 रन पर दो विकेट) की अगुवाई में विदर्भ के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत के लिए 361 रन के लक्ष्य का पीछा कर रही शेष भारत की पारी को दिन के दूसरे सत्र में 267 रन पर समेट दिया। दुबे और ठाकुर दोनों ने इस मैच में छह-छह विकेट चटकाकर विदर्भ को तीसरी बार ईरानी कप का चैंपियन बनाया।

Vidarbha Cricket team

विदर्भ क्रिकेट टीम (फोटो क्रेडिट BCCI Domestic X)

शेष भारत ने मैच के आखिरी दिन दो विकेट पर 30 रन से आगे खेलते हुए 133 रन तक छह विकेट गंवा दिये। ढुल ने इसके बाद मानव सुथार (56) के साथ 104 रन की साझेदारी कर टीम की उम्मीदें जगा दी। ठाकुर ने हालांकि ढुल को पवेलियन की राह दिखाकर मैच में विदर्भ का पूरी तरह से दबदबा कायम कर दिया। ढुल के आक्रामक शॉट पर डीप थर्ड मैन की दिशा में अथर्व तायडे ने शानदार कैच लपका। ठाकुर ने इसके बाद ढुल को बाहर जाने का इशारा किया जिससे दोनों खिलाड़ियों के बीच मैदान में तनातनी देखने को मिली। दोनों अंपायर और विदर्भ के क्षेत्ररक्षकों ने बीच में आकर स्थिति को शांत करने की कोशिश की। मैच रैफरी दोनों पर किसी तरह का जुर्माना लगा सकते हें।

End of Feed