टीम इंडिया के मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने आईपीएल से जुड़ा एक किस्सा सुनाया है। उन्होंने बताया है कि कैसे धोनी को गेंदबाजी करने के लिए वह एक बार चेन्नई सुपर किंग्स की बस के पीछे भागे थे। वरुण ने ये किस्सा ब्रेकफास्ट विथ चैंपियंस के एक एपिसोड में सुनाया है। वरुण चक्रवर्ती ने कहा “जहां CSK की टीम रुकी थी वहां और चेपॉक स्टेडियम के बीच मेरा घर था। कई बार मैंने सीएसके की बस का पीछा भी किया था। हालांकि, बाद में मैनें एमएस धोनी को नेट्स में गेंदबाजी भी की। यह एक शानदार अनुभव था। कुछ मौकों पर मैं तो कुछ में वह मुझ पर हावी रहे।”
शाहरुख खान का खास संदेश
आईपीएल में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के लिए खेलने वाले वरुण चक्रवर्ती ने शाहरुख खान का एक किस्सा भी सुनाया जब टीम की गेंदबाजी खराब रही थी। उन्होंने कहा, “उस साल जब हम (आईपीएल) जीते थे। हमने पंजाब के खिलाफ 261 रन लुटाए थे। हम सोच रहे थे कि आखिर यह कैसे हुआ, हमारी गेंदबाज़ी काफी मजबूत थी। उस रात शाहरुख के मैनेजर ने मुझे मैसेज किया। वह मुझसे बात करना चाहते थे।
हमने 40 मिनट बात की। मैंने कहा कि मैंने गलती की। उन्होंने कहा कि कुछ ज्यादा कोशिश करने के बजाय, बुनियादी चीजें सही करो। शायद टीम मुझसे एक सामान्य गेंद की उम्मीद कर रही थी, लेकिन मैं कुछ अतिरिक्त करने के पीछे भाग रहा था।” उन्होंने अब तक 84 आईपीएल मैचों में 23.85 की औसत से 100 विकेट चटकाए हैं। इस दौरान उन्होंने एक फाइफर भी लिया है। उन्होंने आईपीएल 2024 में सर्वाधिक 21 विकेट लिए थे और KKR को खिताब दिलाने में अहम रोल निभाया था।
वरुण चक्रवर्ती का अंतरराष्ट्रीय करियर
वरुण चक्रवर्ती ने भारत के लिए 24 टी20 मैचों में 40 विकेट हासिल किये हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 17 रन देकर 5 विकेट है। इसके अलावा 4 वनडे मैचों में उन्होंने 10 विकेट चटकाए हैं। इस दौरान उन्होंने एक फाइफर भी लिया है।
