दुबई: संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) एशिया - ईएपी क्वालीफाइंग के सुपर सिक्स राउंड के आखिरी मैच में जापान को आठ विकेट से हराकर आईसीसी टी20 विश्व कप 206 के लिए क्वालीफाई करने वाली 20वीं और आखिरी टीम बन गई। जापान की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए नौ विकेट पर 116 रन ही बना सकी। यूएई ने केवल 12.1 ओवर में दो विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। यूएई ने ओमान में एशिया-पूर्वी एशिया-प्रशांत क्वालीफायर में शीर्ष तीन में जगह बनाकर विश्व कप के लिए क्वालीफाई किया है।
टी20 विश्व कप 2026 की ये हैं 20 टीमें
यूएई की टीम नेपाल और ओमान के साथ भारत और श्रीलंका की सह मेजबानी में आयोजित होने वाले टी20 विश्व कप 2026 के लिए क्वालीफाई करने में सफल हुई। ओमान और नेपाल ने बुधवार को अपनी जगह पक्की कर ली थी जिससे वैश्विक टूर्नामेंट के लिए 20 टीमों की अंतिम सूची पूरी हो गई। इस तरह टी20 विश्व कप के लिए क्वालीफाई करने वाली 20 टीम भारत, श्रीलंका, पाकिस्तान, बांग्लादेश, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण अफ्रीका, वेस्टइंडीज, जिम्बाब्वे, अफगानिस्तान, नेपाल, ओमान, यूएई, इटली, नीदरलैंड, नामीबिया, अमेरिका, कनाडा और आयरलैंड हैं।
फरवरी-मार्च में होगा आयोजन
टी20 विश्व कप 2026 का आयोजन 7 फरवरी से 8 मार्च के बीच होगा। 20 टीमों वाले टूर्नामेंट में कुल 55 मैच खेले जाएंगे। टूर्नामेंट में टीमों को 5-5 टीमों के चार ग्रुप में बांटा जाएगा। इनमें से टॉप-2 टीमें सुपर 8 राउंड में पहुंचेगी। इन टीमों के बीच मुकाबले के बाद चार सेमीफाइनिस्ट टीमें मिलेंगी। जिनके बीच 8 मार्च को खिताबी मुकाबला खेला जाएगा।
(भाषा)
