AUS vs IND T20I: ऑस्ट्रेलियाई ओपनर ट्रेविस हेड (Travis Head) को एशेज टेस्ट सीरीज की तैयारी के लिये भारत के खिलाफ आखिरी दो टी20 मैचों से रिलीज कर दिया गया है और वह आस्ट्रेलिया में शेफील्ड शील्ड टूर्नामेंट में खेलेंगे। हेड यहां दस नवंबर से तस्मानिया के खिलाफ साउथ आस्ट्रेलिया के लिये खेलेंगे। एशेज सीरीज 21 नवंबर से पर्थ में शुरू होगी।
जुलाई में वेस्टइंडीज दौरे के बाद से यह उनका पहला प्रथम श्रेणी मैच है। वह पिछले महीने सफेद गेंद के क्रिकेट में कुछ खास नहीं कर सके और आठ पारियों में सर्वोच्च स्कोर 31 रन रहा।
हेड आस्ट्रेलिया की टी20 टीम के उन तीन खिलाड़ियों में से हैं जिन्होंने पांच मैचों की एशेज टेस्ट श्रृंखला की तैयारी को प्राथमिकता दी है । जोश हेजलवुड और सीन एबोट अन्य दो खिलाड़ी हैं।
ऑस्ट्रेलिया डॉट कॉम डॉट एयू के अनुसार चयनकर्ताओं ने शेफील्ड शील्ड या भारत के खिलाफ आखिरी दो टी20 खेलने का फैसला खिलाड़ियों पर छोड़ा था और हेड ने घरेलू टूर्नामेंट को चुना।
