Today IPL Double Header Matches 4 April 2026: आईपीएल 2026 का रोमांच में अब नया तड़का लगने वाला है। 4 अप्रैल 2026 से आईपीएल में डबल हेडर मुकाबलों की शुरुआत हो रही है। पहले मैच में दिल्ली कैपिटल्स का सामना मुंबई इंडियंस से होगा। दूसरे मैच में गुजरात टाइटन्स राजस्थान रॉयल्स से भिड़ेगी। इनमें से तीन टीमों ने जीत से अपना खाता खोला है।
आईपीएल 2026 डबल हेडर मैच।
आईपीएल 2026 का पहला डबल हेडर
डबल हेडर के पहले मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स अपने होम ग्राउंड पर मुंबई इंडियंस की मेजबानी करेगी। अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडिय में दोनों टीमें जब आमने-सामने होंगी तो घमासान देखने को मिल सकता है। मुंबई के सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा और रयान रिकल्टन गजब की फॉर्म में हैं। कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ 200 प्लस का स्कोर चेज करते हुए रोहित और रिकल्टन की जोड़ी ने तूफानी बल्लेबाजी की।
घर में खेलने को तैयार दिल्ली
वहीं, दिल्ली भी अपना पहला मुकाबला जीतकर घर पहुंची है। लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ इकाना में टारगेट चेज करते हुए दिल्ली के लिए समीर रिजवी ने मैच जिताऊ पारी खेली। ट्रिस्टन स्टब्स ने रिजवी का अच्छा साथ दिया था। ऐसे में दिल्ली में चौके और छक्कों की बारिश एक बार फिर देखने को मिल सकता है। यह मैच भारतीय समय अनुसार दोपहर 3:30 बजे से खेला जाएगा। तीन बजे मैच का टॉस होगा।
दूसरा मुकाबला अहदाबाद में
आईपीएल 2026 के पहले डबल हेडर मुकाबले का दूसरा मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। होम टीम गुजरात टाइटन्स के सामने राजस्थान रॉयल्स की चुनौती होगी। राजस्थान अपने पहले मुकाबले में जीत दर्ज करके अहमदाबाद पहुंची है। चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ वैभव सूर्यवंशी का बल्ला खूब चला।
गुजरात करना चाहेगी वापसी
गुजरात की शुरुआत खराब रही थी। अपने पहले मुकाबले में पंजाब के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। न्यू चंडीगढ़ में गुजरात की कमजोर बल्लेबाजी दिखी। गेंदबाजों ने वापसी का मौका दिया लेकिन, स्कोर कम होने की वजह से पंजाब ने कूपर कॉनली के नाबाद अर्धशतकीय पारी की बदौलत जीत दर्ज की। यह मुकाबला भारतीय समयानुसार, शाम के 7:30 बजे खेला जाएगा। मैच का टॉस 7 बजे होगा।
