IND W vs AUS W: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ करो या मरो के मुकाबले से पहले स्मृति मंधाना ने भरी हुंकार, बताया खेलना चाहतें हैं कैसी क्रिकेट

भारतीय महिला क्रिकेट टीम की उप-कप्तान स्मृति मंधाना ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 विश्व कप 2026 के मुकाबले से पहले हुंकार भरते हुए कहा है कि उनकी टीम कंगारुओं के खिलाफ आक्रामक क्रिकेट इस मुकाबले में खेलना चाहती है। जानिए मंधाना ने इस बारे में और क्या कहा?

लंदन: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की उप-कप्तान स्मृति मंधाना ने शनिवार को कहा कि टीम महिला टी20 विश्व कप में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाले ’करो या मरो’ मुकाबले में आक्रामक क्रिकेट खेलने के इरादे से उतरेगी। छह बार की चैंपियन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ रविवार को होने वाला यह मुकाबला भारत के लिए बेहद अहम है। भारत को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए यह मैच जीतना होगा। भारत और दक्षिण अफ्रीका दोनों के एक समान चार मैचों में छह-छह अंक हैं, जबकि दक्षिण अफ्रीका का मुकाबला अपेक्षाकृत कमजोर माने जाने वाले बांग्लादेश से है।

Smriti Mandhana

स्मृति मंधाना (फोटो क्रेडिट BCCI X)

आक्रामक रवैये के साथ चाहते हैं क्रिकेट खेलना

मंधाना ने मैच से पूर्व संवाददाता सम्मेलन में कहा,'यह एक बड़ा मैच है। हमने इस पर काफी बात की है कि हम आक्रामक रवैये के साथ क्रिकेट खेलना चाहते हैं।' उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि इस टूर्नामेंट में भारतीय बल्लेबाजी इकाई अब तक अपनी क्षमता के अनुरूप प्रदर्शन नहीं कर सकी है। बाएं हाथ की इस सलामी बल्लेबाज ने कहा, 'हम टीम की बैठक में लगातार इस पर चर्चा कर रहे हैं कि हमें मजबूत इरादों के साथ बल्लेबाजी करनी है। हमें जैसी उम्मीद थी, टीम ने अब तक वैसी बल्लेबाजी नहीं की है। टीम की हर बल्लेबाज इस मौके का इंतजार कर रही है।'

End of Feed