कराची: पाकिस्तान के पूर्व दिग्गज तेज गेंदबाज वसीम अकरम ने टी20 विश्व कप से पहले बाबर आजम की कप्तानी वाली टीम को बड़ी सलाह दी है। अकरम का मानना है कि पाकिस्तानी टीम अपने कमजोर मध्यक्रम को संभाल ले तो आगामी विश्व कप जीत सकती है।
Photo: @T20WorldCup Twitter
पाकिस्तानी टीम का मध्यक्रम हालिया टी20 एशिया कप और इंग्लैंड के खिलाफ घरेलू टी20 सीरीज में खराब प्रदर्शन के बाद आलोचकों के निशाने पर आ गया था। मध्यक्रम पाकिस्तानी टीम की कमजोरी बनकर उभरा है। न्यूजीलैंड में चल रही त्रिकोणीय श्रृंखला में भी पाकिस्तानी टीम का खराब प्रदर्शन बदस्तूर जारी है। बावजूद इसके पाकिस्तान की टीम फाइनल तक पहुंचने में सफल रही है।
ऐसा करके पाकिस्तान जीत सकती है खिताब
वसीम अकरम ने दुबई में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान कहा, भारतीय टीम की बल्लेबाजी शानदार है। लेकिन उन्होंने अबतक बुमराह की जगह शामिल किए गए खिलाड़ी के नाम का ऐलान नहीं किया है। वहीं पाकिस्तानी टीम का मध्यक्रम लगातार संघर्ष कर रहा है। अगर वो विश्व कप में चल जाता है तो पाकिस्तान का गेंदबाजी आक्रमण बेहतरीन है। साथ ही उसके पास दुनिया की सर्वश्रेष्ठ ओपनिंग जोड़ी है। ऐसे में अगर वो अपने मध्यक्रम पर लगाम लगा लेता है तो उसकी खिताबी जीत की संभावना प्रबल होगी।
