क्रिकेट

सूर्यांश शेडगे इन दो शख्स को दिया अपन खेल और सोच में आए बदलाव का श्रेय

पंजाब किंग्स के ऑलराउंडर सूर्यांश शेडगे ने शुक्रवार को मुख्य कोच रिकी पोंटिंग और कप्तान श्रेयस अय्यर को अपनी सोच में आए एक अहम बदलाव का श्रेय दिया है। जानिए उन्होंने क्या कहा?

Image

सूर्यांश शेडगे(फोटो क्रेडिट AP)

नई दिल्ली: पंजाब किंग्स के ऑलराउंडर सूर्यांश शेडगे ने शुक्रवार को मुख्य कोच रिकी पोंटिंग और कप्तान श्रेयस अय्यर को अपनी सोच में आए एक अहम बदलाव का श्रेय दिया। इस बदलाव ने इंडियन प्रीमियर लीग के मौजूदा सत्र में शेडगे के शानदार प्रदर्शन में अहम भूमिका निभाई है। मुंबई के इस 23 वर्षीय ऑलराउंडर ने बताया कि अय्यर और पोंटिंग के साथ नियमित बातचीत से उन्हें अपनी तैयारी पर ध्यान देने, वर्तमान में बने रहने और खुद पर भरोसा करने में मदद मिली है। उन्हें जब भी अंतिम एकादश में जगह मिली तो उन्होंने इनकी बदौलत मिले मौकों का पूरा फायदा उठाया।

श्रेयस अय्यर ने दी थी ये सलाह

शेडगे ने शुक्रवार को एक चर्चा के दौरान कहा,'आईपीएल से पहले टीम के अंदर हुए एक अभ्यास मैच के दौरान श्रेयस भाई ने मुझसे कहा था कि मैं अच्छी बल्लेबाजी कर रहा हूं और मुझे ज्यादा सोचना नहीं चाहिए। अगर मैं उन चीजों के बारे में सोचता जो मेरे नियंत्रण में नहीं थीं तो मैं उस स्थिति में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाता।' उन्होंने कहा,'वह तकनीक और रवैये के बारे में बहुत बात करते हैं।'

पोंटिंग ने सिखाया खुद पर भरोसा रखना

पोंटिंग के प्रभाव के बारे में शेडगे ने कहा कि इस महान ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी ने लगातार तैयारी के महत्व पर जोर दिया है। शेडगे ने कहा,'रिकी सर का पूरा जोर सिर्फ और सिर्फ तैयारी पर रहता है। वह कहते हैं कि चाहे कुछ भी हो जाए, खुद पर भरोसा रखो और यह जानो कि तुम इस जगह के लायक हो।'उन्होंने बताया कि सत्र की शुरुआत में बेंच पर बैठने के बाद पोंटिंग के साथ हुई एक बातचीत का उन पर गहरा असर पड़ा।

निराश होना और नकारात्मक सोचना आसान है

उन्होंने कहा, 'चौथे और पांचवें मैच के बाद उन्होंने मुझसे पूछा कि क्या मैं निराश हूं। पहले तो मैंने ’नहीं’ कहा, लेकिन फिर उन्होंने मुझसे ईमानदारी से बताने को कहा। उन्होंने कहा कि वह समझ सकते हैं कि मैं कैसा महसूस कर रहा हूं। उन्होंने कहा कि निराश होना और नकारात्मक सोचना आसान है, लेकिन वर्तमान में बने रहना और आगे के काम पर ध्यान देना ज्यादा मुश्किल है, ताकि जब मौका मिले तो तुम पूरी तरह तैयार रहो।'

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article