टी20 इंटरनेशनल के नंबर वन बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह गली क्रिकेट खेलते नजर आ रहे हैं। मुंबई इंडियंस के ट्वीटर हैंडल से एक वीडियो शेयर किया गया है, जिसमें सूर्या गली के कुछ बच्चों के साथ अपना पसंदीदा 360 डिग्री शॉट खेलते नजर आ रहे हैं। वीडियो के कैप्शन में लिखा है सूर्या दादा का आइकॉनिक शॉट। सूर्या ने इस शॉट के जरिए बेहद कम दिनों में अपनी एक अलग पहचान बनाई है। यही वजह है कि उन्हें भारत का 360 डिग्री कहा जाता है और एबी डिविलियर्स से उनकी तुलना की जाती है।
सूर्यकुमार यादव टेस्ट टीम का हिस्सा
फिलहाल सूर्यकुमार यादव ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चल रहे बॉर्डर-गावस्कर सीरीज में टीम इंडिया के स्क्वॉड में शामिल हैं और प्लेइंग इलेवन में शामिल होने का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने इसी सीरीज में नागपुर में अपना टेस्ट डेब्यू किया था।
नागपुर टेस्ट था सूर्या का टेस्ट डेब्यू
इससे पहले सूर्यकुमार यादव को नागपुर में अपना टेस्ट डेब्यू करने का मौका मिला था। लेकिन बल्ले से वह कुछ खास कमाल नहीं कर पाए। सूर्यकुमार यादव ने पहली पारी में 8 रन बनाए थे। उन्हें नाथन लॉयन ने आउट किया था।
श्रेयस अय्यर के स्थान पर मिला था मौका
नागपुर टेस्ट में चोट के कारण श्रेयस अय्यर प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं थे। इस कारण उनके स्थान पर उन्हें टेस्ट डेब्यू करने का मौका मिला, लेकिन दूसरे टेस्ट से पहले वह प्लेइंग इलेवन में शामिल हो गए और सूर्यकुमार यादव को टीम से बाहर जाना पड़ा। हालांकि, टी20 की तरह फिलहाल उनको वनडे और टेस्ट फॉर्मेट में खुद को साबित करना है।
