तिरुवनंतपुरम: भारतीय क्रिकेट टीम के नए स्टार और टी20 में दुनिया के दूसरे नंबर के बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव लगातार धमाकेदार प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने बुधवार को एक बार फिर अपनी प्रतिभा और कौशल का मुजाहिरा मुश्किल परिस्थितियों में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ किया। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भारतीय टीम ने जीत के लिए 107 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 17 रन पर दो विकेट गंवा दिए थे। विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे धाकड़ खिलाड़ी सस्ते में पवेलियन लौट गए थे।
33 गेंद में सूर्या ने जड़ा आतिशी अर्धशतक
ऐसे में बल्लेबाजी करने सूर्यकुमार यादव उतरे और लगातार दो छक्के के साथ खाता खोलकर अपने इरादे जाहिर कर दिए। उन्होंने अपनी आतिशी बल्लेबाजी के सिलसिले को पूरी पारी के दौरान जारी रखा और 33 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। सूर्या ने अपनी पारी के दौरान 5 चौके और 3 छक्के जड़े। यह उनका लगातार दूसरा अर्धशतक है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हैदराबाद में उन्होंने 69 रन की धमाकेदार पारी खेली थी।
