भारतीय फ्रेंचाइजी द्वारा पाकिस्तानी खिलाड़ियों की खरीद का मुद्दा तूल पकड़ता जा रहा है। हाल ही में द हंड्रैड के ऑक्शन में उधर सनराइजर्स फ्रेंचाइजी की टीम सनराइजर्स लीड्स ने जैसे ही पाकिस्तानी स्पिनर अबरार अहमद पर बोली लगाई भारतीय फैंस सहित पूर्व खिलाड़ियों का गुस्सा सातवें आसमान पर चला गया। फैंस पाकिस्तानी खिलाड़ी को किसी भारतीय टीम द्वारा खरीदे जाने के कदम से हैरान थे। इस पूरे मसले में घी डालने का काम किया कोच डेनियल विटोरी ने जिन्होंने कहा कि यह कोई अचानक लिया गया फैसला नहीं था, बल्कि हम पहले से अबरार को खरीदने का फैसला कर चुके थे। आपको बता दें कि सनरइजर्स लीड्स ने इस स्पिनर को 2.3 करोड़ रुपये में खरीदा था। अब इस पूरे मसले पर द ग्रेट सुनील गावस्कर ने प्रतिक्रिया दी है।
सुनील गावस्कर (साभार-X)
देश की सुरक्षा से बड़ा कुछ नहीं
गावस्कर ने इस मसले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि हार-जीत अपनी जगह है, लेकिन देश और देशवासियों की सुरक्षा से बड़ा और कुछ भी नहीं। उन्होंने कहा कि भारतीय टीम मालिकों को इस तरह के फैसले से बचना चाहिए। गावस्कर ने अपनी बेबाकी के लिए जाने जाते हैं और इस बार भी उन्होंने बिना किसी झिझक के इस पूरे मसले पर अपनी राय दी है।
देशवासियों की जान से खिलवाड़ करने जैसा
गावस्कर यहीं नहीं रुके उन्होंने कहा कि अगर आप किसी पाकिस्तानी खिलाड़ी को खरीदते हैं तो इन खिलाड़ियों को मिलने वाली रकम पर पाकिस्तान सरकार भारी टैक्स वसूलती है। बाद में इन पैसों का इस्तेमाल पाकिस्तान हथियार खरीदने के लिए किया जाता है और इन हथियारों का इस्तेमाल भारतीय निर्दोष लोगों और भारतीय सैनिकों के खिलाफ किया जाता है।
पहली बार नहीं हुआ है ऐसा
किसी भारतीय टीम द्वारा पाकिस्तानी खिलाड़ी को खरीदने का फैसला पहली बार नहीं लिया गया। इस तरह के उदाहरण पहले भी मिलते रहे हैं। इससे पहले यूएई लीग 2023-24 में पाकिस्तानी खिलाड़ी इमाद वसीम अबु धाबी नाइटराइडर्स और बाद में फिर कैरीबियन लीग में उस्मान तारिक और मोहम्मद आमिर जैसे खिलाड़ी ट्रिनबागो नाइट राइडर्स से खेले थे।
पहले आईपीएल भी खेलते थे पाकिस्तानी
ऐसा नहीं है कि देश के बाहर खेले गए लीग में ही पाकिस्तानी खिलाड़ी खेल रहे हैं। वर्ल्ड की सबसे लोकप्रिय लीग आईपीएल में भी पहले इन पाकिस्तानी खिलाड़ियों की एंट्री थी। आखिरी बार 2013-14 में पाकिस्तानी खिलाड़ी आईपीएल में नजर आए थे। अजहर महमूद 2013-14 में किंग्स इलेवन पंजाब की ओर से खेले थे।
