क्रिकेट

मार्क टेलर ने की इस दिग्गज की ऑस्ट्रेलियाई टी20 टीम में वापसी की मांग

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान मार्क टेलर ने स्टीव स्मिथ को टी20 टीम में शामिल किए जाने की पुरजोर वकालत की है। जानिए उन्होंने इस बारे में क्या कहा?

Image

स्टीव स्मिथ ( साभार MLC)

Photo : Twitter
KEY HIGHLIGHTS
  • मार्क टेलर ने की स्टीव स्मिथ की टी20 टीम में वापसी की मांग
  • कहा धीमी पिचों पर स्मिथ टीम के लिए साबित होते हैं अहम
  • युवा जैक फ्रेजर मैकगर्क डेब्यू सीरीज में रहे नाकाम

नई दिल्ली: ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान मार्क टेलर ने स्टीव स्मिथ को टी20 टीम में वापस बुलाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि डेविड वॉर्नर के संन्यास के बाद शीर्ष क्रम की योजना को लेकर सस्पेंस बना हुआ है। ऑस्ट्रेलियाई टी20 फॉर्मेट टीम में कमबैक करने के लिए स्टीव स्मिथ काफी समय से संघर्ष कर रहे हैं। जून में पुरुषों के टी20 विश्व कप के सुपर आठ चरण से बाहर होने के बाद, दाएं हाथ के बल्लेबाज को स्कॉटलैंड और इंग्लैंड के दौरे के लिए भी टी 20 टीम में नहीं चुना गया था।

डेब्यू सीरीज में नाकाम रहे जैक फ्रेजर मैकगर्क

ऑस्ट्रेलिया ने युवा जैक फ्रेजर मैकगर्क को टीम में शामिल करने का विकल्प चुना, जिन्होंने स्कॉटलैंड के खिलाफ हाल ही में सीरीज जीत में दो बार शून्य पर आउट होने के अलावा 16 रन की पारी भी खेली थी। टेलर ने नाइन के वाइड वर्ल्ड ऑफ स्पोर्ट्स शो में कहा,'मैं यह देखने के लिए उत्सुक हूं कि ऑस्ट्रेलिया अब डेविड वॉर्नर की जगह शीर्ष क्रम में क्या करता है। ऐसा लगता है कि इस समय अधिक से अधिक बल्लेबाजों को शामिल करने की बात हो रही है। अंततः उनमें से एक बल्लेबाज बाहर हो जाएगा। मुझे लगता है कि यह योजना थोड़ी पेचीदा है, क्योंकि मैं स्टीव स्मिथ को हमारे क्रम में वापस देखना चाहता हूं।'

विश्व कप में ऑस्ट्रेलिया को मिली थी अफगानिस्तान के खिलाफ हार

टी20 विश्व कप में ऑस्ट्रेलिया को सेंट विंसेंट में अफगानिस्तान के हाथों 21 रन से हार का सामना करना पड़ा था। टेलर का मानना है कि इस हार से पता चलता है कि टीम को स्मिथ जैसे खिलाड़ी की कमी क्यों खली। उन्होंने कहा कि वह टूर्नामेंट के 2026 संस्करण में भी स्मिथ को देखना पसंद करेंगे। मार्क टेलर ने कहा,'अगर आपको धीमी पिच मिलती है जैसा कि हमने हाल ही में विश्व कप में देखा था। उस समय हमें मध्यक्रम में स्टीव स्मिथ जैसे किसी खिलाड़ी की जरूरत थी। मुझे अभी भी लगता है कि दुनिया के बेहतर बल्लेबाज सभी प्रारूपों में अच्छी बल्लेबाजी करेंगे, इसलिए मुझे इस बात की चिंता है कि वॉर्नर नहीं हैं, तो किसी दूसरे बल्लेबाज को मौका दिया जाए।'

स्टीव स्मिथ की वापसी पर विचार करें चयनकर्ता

टेलन ने कहा, 'मैं अब भी चाहूंगा कि ऑस्ट्रेलियाई चयनकर्ता स्टीव स्मिथ को टीम में वापस लाने के बारे में सोचें, ताकि धीमी पिच पर टीम को स्थिरता मिल सके। सपाट पिच पर निश्चित रूप से अपने सभी बल्लेबाजों को उतारें और 200 रन बनाने की कोशिश कीजिए। धीमी पिच पर कभी-कभी 150 रन का लक्ष्य हासिल करना मुश्किल हो सकता है, जैसा कि हमने हाल ही में विश्व कप में ऑस्ट्रेलिया और अफगानिस्तान के बीच खेले गए मैच में देखा था।'

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article