स्पोर्टस डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की युवा स्पिनर श्री चरणी ने ताजा जारी हुई आईसीसी विमेंस टी20 रैंकिंग में नया इतिहास रच दिया है। वह महिला T20I बॉलिंग रैंकिंग में सबसे ज्यादा रेटिंग प्वाइंट हासिल करने वाली दुनिया की पहली गेंदबाज बन गई हैं। उन्होंने मेगन स्कट के 2018 में बनाए गए कीर्तिमान को ध्वस्त कर दिया है। मेगन ने तब 806 रेटिंग अंक हासिल किए थे।
श्री चरणी ने रचा नया इतिहास। फोटो- ICC
आईसीसी ने विमेंस टी20 बॉलिंग की ताजा रैंकिंग जारी की। श्री चरणी ने टॉप पर अपनी मजबूत पकड़ बना ली है। बाएं हाथ की स्पिनर श्री चरणी ने भारत की आठवीं महिला एशिया कप खिताब जीत में अहम भूमिका निभाई थी। इसके कुछ दिनों बाद एशियाई खेलों में भारत के गोल्ड मेडल जीत में भी महत्वपूर्ण भूमिका अदा की।
घातक गेंदबाजी का मिला इनाम
श्री चरणी ने एशिया कप में 12 विकेट लिए, जिसमें श्रीलंका के खिलाफ फाइनल में 4/20 की बेस्ट बॉलिंग प्रदर्शन भी शामिल हैं। भारत ने फाइनल में श्रीलंका को 72 रन से हराकर रिकॉर्ड 8वीं बार खिताब जीता। जापान में हुए एशियन गेम्स में श्री चरणी ने मेजबान जापान के खिलाफ अपने करियर का सबसे अच्छा 4/10 का प्रदर्शन करके भारत को सेमीफाइनल में पहुंचाया। फिर 22 सितंबर को गोल्ड मेडल मैच में श्रीलंका को 147 रन से हराने में दो विकेट लिए, जिससे उनकी रेटिंग 817 के पीक पर पहुंच गई।
टॉप-10 में इंग्लैंड की चार गेंदबाज
दीप्ति शर्मा ने श्रीलंका के खिलाफ एशियन गेम्स के फाइनल में तीन विकेट लिए। इससे T20I बॉलिंग रैंकिंग में उनके 754 पॉइंट हो गए हैं, जबकि इंग्लैंड की सोफी एक्लेस्टोन 723 पॉइंट के साथ तीसरे नंबर पर हैं। टॉप-10 में इंग्लैंड के चार गेंदबाज शामिल हैं। वहीं, भारत के मात्र दो ही गेंदबाज टॉप-5 में शामिल हैं। पाकिस्तान की नसरा संधु ने तीन स्थानों की छलांग लगाते हुए 8वें स्थान हासिल किया है।
