South Africa ICC World Test Champion: टेम्बा बावुमा की कप्तानी वाली दक्षिण अफ्रीकी टीम ने अपने ऊपर लगा चोकर्स के नाम के बदनुमा दाग मिटाकर पहली बार वर्ल्ड चैंपियन का खिताब अपने नाम कर लिया है। लॉर्ड्स में खेले गए वर्ल्ड चैंपियनशिप के फाइनल मुकाबले में दक्षिण अफ्रीकी टीम को पहली पारी में 74 रन से पिछड़ने के बाद मैच की चौथी पारी में जीत के लिए 282 रन का लक्ष्य मिला था। जिसे उसने एडेन मार्करम की 136 रन की शतकीय और कप्तान टेम्बा बावुमा की शानदार अर्धशतकीय पारी की बदौलत 5 विकेट शेष रहते हासिल कर लिया। दक्षिण अफ्रीका को जीत के लिए जब 6 रन की दरकार थी तब मार्करम 136 रन बनाकर हेजलवुड की गेंद पर ट्रेविस हेड के हाथों लपके गए। अंत में वीरेन 4 और बेंडिंघम 21 ने दक्षिण अफ्रीका ने प्रोटियाज को जीत की दहलीज पार कराई। वीरेन ने हेजलवुड की गेंद पर विजयी रन लिया।
दक्षिण अफ्रीका आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियन
चौथे दिन बनाने थे जीत के लिए 69 रन
मैच के तीसरे दिन मार्करम और बावुमा ने तीसरे विकेट के लिए नाबाद 143 रन की साझेदारी करके अपनी टीम को मैच में बनाए रखा थी। चौथे दिन जीत के लिए दक्षिण अफ्रीका को 69 रन और बनाने थे। मार्करम 102 और बावुमा 65 रन बनाकर खेल रहे थे। बावुमा दिन के तीसरे ओवर की आखिरी गेंद पर पैट कमिंस की गेंद पर विकेट के पीछे लपके गए। उन्होंने 66 रन बनाए। बावुमा के आउट होने के बाद दूसरा छोर मार्करम संभाले रहे। कुछ देर उनका साथ ट्रिस्टन स्टब्स ने दिया लेकिन 71वें ओवर की तीसरी गेंद पर स्टार्क ने उन्हें बोल्ड करके दक्षिण अफ्रीका को चौथा झटका दिया। स्टब्स के आउट होने के बाद दक्षिण मार्करम को डेविड बेडिंघम का साथ मिला। दोनों ने मिलकर जीत के लिए बाकी बचे 41 में से 35 रन बनाए। मार्करम 136 रन बनाकर जीत के ठीक पहले पवेलियन लौटे। मार्करम जब आउट हुए उस वक्त दक्षिण अफ्रीका जीत से महज 6 रन दूर था।
खत्म हुआ 27 साल का सूखा, पहली बार बनी वर्ल्ड चैंपियन
दक्षिण अफ्रीका का यह 27 साल लंबे अंतराल के बाद पहला आईसीसी खिताब है। साल 1998 में दक्षिण अफ्रीका आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी के पहले संस्करण में वेस्टइंडीज को फाइनल में मात देकर चैंपियन बनी थी। उसके अहम मुकाबलों में लगातार उसे हार मिली और उन्हें क्रिकेट की दुनिया चोकर्स करार दे दिया। पिछले साल टी20 विश्व कप के फाइनल में टीम इंडिया के खिलाफ 7 रन के अंतर से हार का सामना करना पड़ा था। भले ही एक साल पहले अफ्रीकी टीम क्रिकेट के सबसे नए फॉर्मेट में वर्ल्ड चैंपियन बनने से चूक गई थी उसका ये सपना सफेद जर्सी में क्रिकेट के सबसे पुराने फॉर्मेट में पूरा हो गया है।
बावुमा ने रचा इतिहास, नहीं हारे कोई मैच
कप्तान टेम्बा बावुमा ने दक्षिण अफ्रीका को आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियन का खिताब दिलाते हुए इतिहास रच दिया है। बावुमा ने तीसरे चक्र में कुल 10 मैच में टीम की कमान संभाली और फाइनल सहित 9 में टीम को जीत मिली। वेस्टइंडीज के खिलाफ एक मुकाबला बराबरी पर समाप्त हुआ था। ऐसे में बावुमा अजेय रहते हुए अपनी टीम को आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियन बनाने वाले दुनिया के पहले कप्तान बन गए हैं।
मार्करम ने फिर बनाया चैंपियन
दक्षिण को साल 2014 में आईसीसी अंडर-19 चैंपियन बनाने वाले एडेन मार्करम ने अपनी 136 रन ऐतिहासिक शतकीय पारी की बदौलत टीम को वर्ल्ड टेस्ट चैंपियन बनाने में सफल रहे हैं। टी20 और वनडे टीम के कप्तान मार्करम टेस्ट टीम के उपकप्तान हैं। इस ऐतिहासिक शतकीय पारी की बदौलत एडेन मार्करम का नाम दक्षिण अफ्रीकी क्रिकेट इतिहास में हमेशा के लिए अमर हो गया है।
