क्रिकेट

ICC ODI Ranking: खराब फॉर्म के बावजूद टॉप पर बनी हुई हैं मंधाना, जानें आईसीसी की ताजा रैंकिंग

ICC ODI Ranking: आईसीसी की ताजा रैंकिंग में खराब फॉर्म के बावजूद मंधाना नंबर वन की कुर्सी पर बनी हुई हैं। वर्ल्ड कप से पहले वह फॉर्म में थीं, लेकिन पहले दो मुकाबले में उनका बल्ला खामोश रहा है।

Image

स्मृति मंधाना (साभार-ICC)

ICC ODI Ranking: आईसीसी ने ताजी रैंकिंग जारी कर दी है और खुशी की बात यह है कि अब भी भारतीय स्टार बैटर मंधाना टॉप पर बनी हुई हैं। मंधाना इस कैलेंडर ईयर में 4 शतक लगा चुकी हैं और वर्ल्ड कप से पहले शानदार फॉर्म में चल रही थीं, लेकिन पहले दो मुकाबले में उनका बल्ला खामोश रहा है। भारतीय टीम दो मुकाबला खेल चुकी है और दोनों में मंधाना जल्दी आउट हो गई थीं। श्रीलंका के खिलाफ मैच में उन्होंने 8 रन जबकि पाकिस्तान के खिलाफ 23 रन की पारी खेली थी। इसके बावजूद वह मौजूदा महिला रैंकिंग में टॉप पर बरकरार हैं। हालांकि, अब उनकी बढ़त कम हो गई है।

स्मृति के 791 रेटिंग अंक हैं और वह इंग्लैंड की नेट सीवर ब्रंट से 60 अंक आगे हैं। विश्व कप से ठीक पहले ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन महिला एकदिवसीय मैच की श्रृंखला में लगातार दो शतक जड़ने वाली स्मृति अगर जल्द फॉर्म में नहीं लौटी तो उन्हें नंबर वन की कुर्सी गंवानी पड़ सकती है। ऑस्ट्रेलिया की बेथ मूनी 713 अंक के साथ तीसरे स्थान पर हैं। दक्षिण अफ्रीका की ताजमिन ब्रिट्स (706) और ऑस्ट्रेलिया की एश्ले गार्डनर (697) न्यूजीलैंड के खिलाफ शतक जड़ने के बाद आईसीसी रैंकिंग में क्रमश: चौथे और पांचवें स्थान पर हैं। ताजमिन को दो जबकि गार्डनर को सात स्थान का फायदा हुआ है और ये दोनों अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग पर पहुंच गई हैं।

न्यूजीलैंड की कप्तान सोफी डिवाइन भी सात स्थान के फायदे से आठवें पायदान पर हैं, जबकि शनिवार को कोलंबो में भारत के खिलाफ 81 रन की पारी खेलने वाली पाकिस्तान की दायें हाथ की बल्लेबाज सिदरा अमीन ने भी अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ 10वीं रैंकिंग की बराबरी कर ली है। इंग्लैंड की सोफी एकलेस्टोन गेंदबाजी रैंकिंग में 792 अंक के साथ शीर्ष पर हैं। स्पिनर दीप्ति शर्मा (640) शीर्ष 10 में एकमात्र भारतीय गेंदबाज हैं। वह एक स्थान के नुकसान से छठे पायदान पर हैं।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article